मंडला : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि अगले पांच सालों में जनजातीय विकास पर दो लाख करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे। श्री चौहान आज मंडला जिले के रामनगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में पंचायती राज दिवस के मौके पर आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने वहां कुछ घोषणाएं भी कीं।रामनगर के ऐतिहासिक मोती महल के संरक्षण और जीर्णोद्धार करने की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि प्राचीन विष्णु मंदिर के जीर्णोद्धार का काम भी शुरू किया जायेगा। गोंड जनजातीय संस्कृति अध्ययन केन्द्र स्थापित किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री मोदी के रूप में देश को सक्षम नेतृत्व मिला है। उनका दिल हर पल भारत के लिये धड़कता है। उन्होंने भारत की शान, गौरव और सम्मान बढ़या है।
उनके नेतृत्व में बनाये गये कार्यक्रमों को मध्यप्रदेश में तत्काल रूप से लागू किया जाता है। श्री चौहान ने कहा कि देश के संसाधनों पर पहला हक गरीबों का है। प्रदेश में कोई भी गरीब बिना मकान के नहीं रहेगा। अक्टूबर 2018 तक हर घर में बिजली होगी। केंद्रीय पंचायती राज मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि आज देश की ढाई लाख पंचायतों के 31 लाख से ज्यादा पंचायत प्रतिनिधियों को भारत के ग्रामीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का दिन है।
उन्होंने बताया कि 13 वें वित्त आयोग तक पंचायतों को केवल 60 हजार करोड़ रुपये मिलते थे। अब 14वें वित्त आयोग में पंचायतों को दो लाख 292 करोड़ रुपये मिल रहे हैं। यह धनराशि पंचायतों के सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास में खर्च हो रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री श्री चौहान को बधाई देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश ने देश में सर्वाधिक मकान गरीबों को बना कर दिये हैं। कार्यक्रम में राज्यपाल श्रीमती आनंदी बेन पटेल, केन्द्रीय पंचायती राज राज्यमंत्री पुरुषोत्तम रूपाला सहित प्रदेश मंत्रिमंडल के कई सदस्य भी मौजूद थे।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।