पटना : बहुचर्चित चारा घोटाले के मामले में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव भले की जेल में बंद हों लेकिन सोशल मीडिया के जरिए किसी भी मुद्दे को लेकर वह अपने राजनीतिक विरोधियों पर हमला करने का कोई मौका नहीं छोड़ते। आंध्र प्रदेश को विशेष दर्जा देने को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों में जारी घमासन के बीच श्री यादव के आधिकारिक टि्वटर हैंडल से आज एक बार फिर ट्वीट किया गया।
राजद सुप्रीमों के टि्वटर हैंडल से किये गये ट्वीट में बिहार को विशेष दर्जा नहीं मिलने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सीधे तौर पर जिम्मेवार ठहराते हुए कहा गया है कि उनकी संकीर्ण और नकारात्मक सोच की वजह से प्रदेश का हक़ मारा गया। श्री यादव के टि्वटर हैंडल से ट्वीट करते हुए लिखा गया है कि साल 2003 में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी पटना आए थे।
मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग पुरजोर तरीक़ से तथ्यों के साथ उनके सामने रखी। वाजपेयी साहब सहमत हो गए क्योंकि उन्होंने ही 2001 में बिहार का बंटवारा किया था। इसलिए उन्हें जानकारी थी। ट्वीट में आगे लिखा गया है कि विशेष दर्जे की मांग पर वाजपेयी जी के सहमत होने के बाद एयरपोर्ट जाने के क्रम में तत्कालीन रेलमंत्री नीतीश कुमार उनके कार में लटक लिए।
नीतीश कुमार ने वाजपेयी जी को बिहार में राजनीतिक नफा नुकसान बताते हुए कहा कि यदि आप बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दे देंगे तो हमारी राजनीति चौपट हो जायेगी और कभी भी हमारी सरकार नहीं बनेगी। इस तरह नीतीश कुमार की संकीर्ण और नकारात्मक सोच की वजह से बिहार का हक़ मारा गया।
देशहित में भाजपा को हराना अतिआवश्य : तेजस्वी : बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने देश के विभिन्न राज्यों में मूर्ति तोड़ने की घटनाओं के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जिम्मेवार ठहराया और कहा कि देशहित में ऐसी ताक़तों को पराजित करना अतिआवश्यक है।
श्री यादव ने सोशल मीडिया के जरिए भाजपा, संघ और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमले के सिलसिले को जारी रखते हुए ट्वीट किया, ‘सामंती संघी, भाजपाई मानसिकता के लोग अंबेडकर, पेरियार, गांधी और लेनिन की मूर्ति तोड़ सकते है तो वो कर्पूरी ठाकुर, लोहिया, जेपी, मंडल और कांशीराम की भी मूर्ति तोड़ सकते है। देशहित में ऐसी ताक़तों को पराजित करना अतिआवश्यक है।
राष्ट्रीय जनता दल नेता ने एक अन्य ट्वीट में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला करते हुए कहा,’वह दिन दूर नहीं जब भाजपाई सहयोग से नीतीश कुमार बिहार के कोने-कोने में लालू जी द्वारा निर्मित अनगिनत अंबेडकर, गांधी, लोहिया, जेपी, कर्पूरी ठाकुर, भिखारी ठाकुर और बी.पी। मंडल की मूर्तियाँ तुड़वायेंगे। नीतीश जी सत्ता के लिए कुछ भी कर सकते है। बिहार को ऐसे बहुरूपियों से सतर्क होना होगा’
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।