पटना : राज्यपाल सत्य पाल मलिक से बेल्जियम के राजदूत जेन ल्यूक्स ने राजभवन पहुंचकर शिष्टाचार मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान महामहिम राज्यपाल सत्य पाल मलिक ने बेल्जियम के राजदूत जेन ल्यूक्स को बताया कि बिहार की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत अत्यन्त समृृद्ध और गौरवपूर्ण है। राज्यपाल ने कहा कि भारत का जो ‘स्वर्णयुग का इतिहास है, वह वस्तुत: बिहार का ही इतिहास है।
राज्यपाल श्री मलिक ने बेल्जियम के राजदूत को बताया कि पाटलिपुत्र भी कभी दुनियां का सबसे बड़ा शहर था और इसका काफी गौरवपूर्ण इतिहास रहा है। राज्यपाल श्री मलिक ने राजदूत को बताया कि बिहार के लोग काफी परिश्रमी और प्रतिभावान हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की अर्थव्यवस्था मुख्यत: कृषि पर आश्रित है। यहां की मिट्टी उपजाऊ है और जल-स्रोत की कोई कमी नहीं है। यहाँ की नदियों का अगर जल-प्रबंधन ठीक से कर दिया जाए तो राज्य में कृषि का काफी विकास हो सकता है।
राज्यपाल ने कहा कि कृषि उत्पादों एवं समेकित कृषि के लिए ‘कृषि के रोडमैप के कार्यान्वयन के जरिये राज्य में कृषि-विकास के बेहतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि दूसरी हरित क्रांति बिहार में ही प्रतिफलित होगी। बेल्जियम के राजदूत ने कहा कि बिहार के विकास में बेल्जियम की पूरी अभिरूचि है। उन्होंने महामहिम राज्यपाल को बेल्जियम के कृषि विश्वविद्यालय के परिदर्शन के लिए आमंत्रित भी किया। इस शिष्टाचार मुलाकात के दौरान बेल्जियम के राजदूत की धर्मपत्नी श्रीमती राका सिंह, पूर्व केन्द्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूढ़ी तथा राज्यपाल के प्रधान सचिव विवेक कुमार सिंह भी उपस्थित थे।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें।