जम्मू : भारतीय जनता पार्टी की जम्मू कश्मीर इकाई की वेबसाइट आज कुछ समय के लिए हैक कर ली गई और हैकरों ने एक संदेश पोस्ट करके कठुआ की पीड़ित बच्ची के लिए न्याय की मांग की। कठुआ में जनवरी में एक बच्ची की बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई थी। वेबसाइट को कुछ समय बाद बहाल कर दिया गया। हैकरों ने खुद को ‘‘ टीम केरल साइबर वॉरियर्स ’’ बताया। उन्होंने पोस्ट किये गये संदेश में भाजपा की राज्य इकाई पर ‘‘ बच्चों का यौन शोषण करने वाले एक गिरोह ’’ को बचाने का आरोप लगाया। संदेश में भारतीय ध्वज तिरंगे का इस्तेमाल करने वाले हैकरों ने कहा कि मानवता से बढ़कर कुछ भी नहीं होना चाहिए और ‘‘ भेदभाव को सहन नहीं किया जा सकता है। ’’ हैकरों ने मांग की कि बलात्कारियों को फांसी दी जानी चाहिए। भाजपा की जम्मू कश्मीर इकाई के महासचिव अशोक कौल ने ‘ पीटीआई – भाषा ’ से कहा कि वेबसाइट को कुछ समय के लिए हैक कर लिया गया था और ‘‘ अब उसे बहाल ’’ कर दिया गया है। उन्होंने कहा ,‘‘ हां , हम पुलिस के समक्ष एक शिकायत दर्ज करेंगे। ऐसा प्रतीत होता है कि हैकिंग के लिए उत्तरी केरल से कोई जिम्मेदार है।
आखिरकार , केरल की स्थिति किसी से भी छिपी नहीं है। ’’ कौल ने कहा कि जम्मू में तनाव पैदा करने का यह एक और प्रयास है। कठुआ बलात्कार मामले के सिलसिले में जम्मू कश्मीर की अपराध शाखा द्वारा गिरफ्तार किये गये आठ आरोपियों के पक्ष में एक रैली आयोजित करने वाले हिन्दू एकता मंच से भाजपा ने खुद को दूर रखा था। पार्टी ने रैली में हिस्सा लेने वाले राज्य के अपने दो मंत्रियों लाल सिंह और चन्द्र प्रकाश गंगा को मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने के लिए कहा था। भाजपा ने हिन्दू एकता मंच से संबंध पाये जाने पर राज्य इकाई के सचिव को भी हटा दिया था।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये की पंजाब केसरी अन्य रिपोर्ट।