कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का जन्मदिन आज यहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धूमधाम से मनाया। कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय सदाकत आश्रम में श्रीमती गांधी के 71वें जन्मदिन के मौके पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर केक काटा गया और लड्डू का वितरण किया गया। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी अध्यक्ष कौकब कादरी ने कहा कि श्रीमती गांधी लगातार 19 वर्षों से अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष पद पर कार्यरत हैं और उनकी अगुवाई में वर्ष 2004 और 2009 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को बहुमत मिला तथा केन्द्र में पार्टी की सरकार बनी।
श्री कादरी ने कहा कि दो बार बहुमत मिलने के बावजूद और पार्टी ससंसदीय बोर्ड की सर्वसम्मति से नेता चुने जाने के बाद भी उन्होंने अल्पसंख्यक समाज के डा.मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाया। उन्होंने कहा कि श्रीमती गांधी के परिवार से श्रीमती इन्दिरा गांधी और स्व.राजीव गांधी ने देश की एकता एवं अखण्डता की रक्षा के लिये अपनी कुर्बानी दी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि केन्द्र सरकार के क्रियाकलापों के कारण आज देश में असहिष्णुता का वातावरण व्याप्त है। देश के संविधान में वर्णित धर्मनिरपेक्षता एवं समाजवादी व्यवस्था पर बड़ प्रश्नचिन्ह खड़ा हो गया है।
उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में देश में हमेशा श्रीमती गांधी का नेतृत्व लम्बे समय तक कांग्रेसजनों को मिलता रहेगा। उन्होंने उनके लम्बे एवं स्वस्थ्य जीवन की कामना की। श्री कादरी ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्व.केदार पाण्डेय के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि श्री पाण्डेय ने अपने राजनैतिक जीवन की शुरूआत प्रखंड स्तर से की थी। कांग्रेस के प्रति प्रतिबद्धता, लगन और कर्मठता के चलते स्व.पाण्डेय, राज्य सरकार के मंत्री, मुख्यमंत्री, केन्द्रीय मंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष भी रहे।
अपने राजनैतिक जीवन में स्व.पाण्डेय ने सामाजिक समरसता, विकास से दूर दबे, कुचले लोगों को समाज की मुख्य धारा में जोड़ने, शिक्षा के बेहतरी के लिये अनेकों कदम उठाये। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष चन्दन बागची, पूर्व मंत्री एवं विधायक रामदेव राय, प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष और विधायक अमिता भूषण, पूर्व मंत्री डा। खालिद रशाद सबा, पार्टी के वरिष्ठ नेता शमायले नबी, कृपानाथ पाठक समेत बड़ी संख्या में पार्टी विधायक, नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।