त्रिपुरा में खोवाई जिले के कल्याणपुर में आज मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी और भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प में छह भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गये। एक पुलिस स्टेशन और माकपा कार्यालय में तोड़फोड़ हुई है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि भाजपा की स्थानीय इकाई ने बागानबात्रार के टी गार्डन क्षेत्र में रहने वाले पार्टी कार्यकर्ता के आवास पर एक बैठक आयोजित की थी।
बैठक खत्म होने के बाद लोग अपने-अपने घर चले गये। इसी दौरान कुछ बदमाशों ने बैठक स्थल पर पत्थरबाजी शुरु कर दी। इसके बाद वहां मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं पर माकपा कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया। पुलिस ने बताया कि मामले में पांच आदमियों को गिरफ्तार किया गया है। स्थिति पर नियंत्रण करने के लिये प्रशासन ने अतिरिक्त बल भेजा है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि स्थानीय विधायक और माकपा नेताओं के निर्देश पर पुलिस सत्तारुढ़ दल का साथ दे रही है।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे