भोपाल : नवनियुक्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कार्यभार ग्रहण करते हुए कहा कि मुझ जैसे सामान्य कार्यकर्ता को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उसके लिए राष्ट्रीय नेतृत्व और प्रदेश नेतृत्व का आभारी हूँ । उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश संगठन मनीषियों की कर्मभूमि है।
जिसके कारण पूरे देश में मध्यप्रदेश के संगठन की पहचान एक आदर्श संगठन के रूप में हुई है। कुशाभाऊ ठाकरे, नानाजी, सुंदरलाल पटवा जैसे वरिष्ठों की विरासत हमें मिली है, हमें उस विरासत पर गर्व होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा के सभी पदाधिकारी कार्यकर्ता भाव से कार्य करके जनमानस पर अमिट छाप अंकित करते है,
यही हमारे लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आव्हान करते हुए कहा कि सक्षम नेतृत्व, समर्पित कैडर और सरकार द्वारा किए गए काम हमारी पूंजी है। आने वाला समय भी भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं का है। उन्होंने कहा कि सामूहिक नेतृत्व हमारी विरासत है।
वरिष्ठों के मार्गदर्शन, सम्मानीय साथियों के साथ कार्यकर्ताओं के सहयोग से मिलकर काम करेंगे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को विश्वास दिलाया कि नेतृत्व की भूमिका पारदर्शी,
संवेदनशील और कार्यकर्ताओं के मान सम्मान में अभिवृद्धि करने के प्रति समर्पित होगी। देश में आदर्श संगठन के रूप में मध्यप्रदेश भाजपा की जो छवि बनी है उसे हम बनाए रखने में जुटेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता का निर्माण कठिन प्रक्रिया है उसे सतत प्रेरित कर उसमें आत्मविश्वास जगाने का प्रयास हो।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।