गुजरात एवं हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनावोंं के ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आज यहां शुरू हो गई। बैठक में पार्टी अध्यक्ष अमित शाह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री राजनाथ सिंह , वित्त मंत्री अरुण जेटली, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के अलावा अनेक वरिष्ठ नेता हिस्सा ले रहे हैं।
#Visuals from BJP National Executive Meet in Delhi pic.twitter.com/slrL5L15gZ
— ANI (@ANI) September 25, 2017
भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों एवं उपमुख्यमंत्रियों, पार्टी के सभी सांसदों एवं विधायकों को पार्टी के प्रेरणाह्मोत रहे पं. दीनदयाल उपाध्याय के जन्मशती वर्ष समापन के मौके पर हो रही इस बैठक में आमंत्रित किया गया है। शाह ने अपने उद्घाटन भाषण में संगठनात्मक विस्तार, वर्तमान राजनीतिक परिस्थिति और ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
पार्टी की इस बैठक में विधानसभा चुनावों की रणनीति, गैर भाजपा शासित राज्यों में पार्टी कार्यकर्ताओं पर हो रहे अत्याचार एवं रोहिंग्या मुसलमानों पर भी चर्चा किये जाने की संभावना है। बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव के अलावा कुछ अन्य प्रस्ताव लाये जाने की संभावना है। मोदी दोपहर बाद बैठक में समापन भाषण देंगे। भाजपा कार्यकारिणी की बैठक राजधानी के तालकटोरा स्टेडियम में हो रही है जहां सुरक्षा के कड़े प्रबंध किये गए हैं। बैठक स्थल और आसपास के क्षेत्रों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है।
#Delhi: Leaders arrive for BJP National Executive Meet, to begin shortly. pic.twitter.com/19kNuXu5en
— ANI (@ANI) September 25, 2017
बैठक स्थल के आसपास के क्षेत्रों में मोदी और शाह के आदमकद चित्र लगाए गए हैं। कई स्थानों पर दीनदयाल उपाध्याय के चित्र भी लगाए गये हैं। इसके साथ ही अनेक केन्द्रीय मंत्रियों एवं राज्यों के मुख्यमंत्रियों के भी कटआउट भी लगाए गए हैं। बैठक के पहले रविवार पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों, प्रदेश अध्यक्षों और अन्य महत्वपूर्ण नेताओं ने पिछले छह महीनों में पार्टी के कामकाज और इसके परिणामों को लेकर विचार विमर्श किया।
गौरतलब है कि पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की अंतिम बैठक छह माह पूर्व भुवनेश्वर में हुई थी। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने बैठक में कहा कि केंद्र और भाजपा शासित सरकारों ने भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने में सफलता हासिल की है। भाजपा के महासचिव भूपेन्द्र यादव का कहना था कि पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह का नया संचार हुआ है तथा पार्टी के राष्ट्रव्यापी जनाधार बढ़ाने के भी सार्थक नतीजे सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा व्यक्त स्वच्छता अभियान और न्यू इंडिया के संकल्प पर भी चर्चा की जाएगी। देश के 18 राज्यों में भाजपा की सरकार हैं, जहां इस पर विशेष ध्यान दिया जायेगा।