रामपुर: प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं सपा नेता आजम खान सेना पर बेहद आपत्तिजनक बयान देकर फंस गए हैं। उन्होंने कहा है कि कश्मीर में महिलाओं ने न केवल जवानों को पीटा बल्कि कि उनके अंग तक काट लिए हैं, असम और झारखंड में भी महिलाओं ने फौजियों को पीटा है। उन्होंने कहा कि मोदी राज में देश राह से भटक गया है। देश बैलेट की जगह बुलेट के मार्ग पर चल पड़ा है, जिसका परिणाम सभी के सामने है। उधर सेना पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर बीजेपी ने आजम खान पर निशाना साधा है। बीजेपी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा है कि आजम खान जैसे लोग आतंकवाद के बचाव में बयान देते हैं। वह हमेशा ऐसा करते आ रहे हैं। वह कभी यह बयान देते हैं कि केवल मुसलममानों के कारण भाजपा की जीत हुई थी। सेना पर विवादित बयान देते हुए आजम ने कहा कि ऐसे घटनाओं से देश को शर्मिंदा होना चाहिए।
जिला रामपुर में सपा कैंप कार्यालय में पूर्व मंत्री आजम ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे जीवन में सबसे बड़ा राजनीतिक मूवमेंट बाबरी मस्जिद राम जन्मभूमि का है, जिसकी आज भी हिन्दुस्तान कीमत अदा कर रहा है और शायद इसकी अदायगी आसानी से खत्म होने वाली नहीं है। आजम खान ने कहा कि अब हिन्दुस्तान अपने रास्ते से हट रहा है। देश के सियासती लोग बैलेट की बजाए बुलेट का रास्ता अख्तियार करना चाहते हैं, जिसका अंजाम सामने है। कश्मीर, झारखंड और असम में औरतें फौजियों को पीट रही हैं। रेप की घटनाओं के बदले में महिला दहशतगर्द उनके निजी अंग काटकर ले गईं। इससे पूरे हिंदुस्तान को शर्मिंदा होना चाहिए और सोचना चाहिए कि हम पूरी दुनिया को क्या मुंह दिखाएंगे।
जुनैद, नजीब के कत्ल वो हैं, जो प्रकाश में आ जाते हैं, लेकिन आमतौर पर जो ज्यादती हो रही है, वो हुक्मरानी नहीं है। जब सिर उतरते हैं, तो ताज उतर जाते हैं। बेहद खतरनाक खेल हो रहा है। ईद के मौके पर बहन अपने भाई के घर नहीं गई ताकि उनके चेहरे और उनके नाम की शिनाख्त न हो और उनकी हिफाजत हो सके। आजम खान ने बीजेपी कार्यकर्ताओं पर तंज कसते हुए कहा कि भगवा दुपट्टे ओढ़कर जवानी आ गई। किसी वजीर ने कहा कि यह समाजवादी गुंडे हैं, तो पकड़ो उन्हें, अगर समाजवादी होते, तो पकड़े जाते मगर यह कैसे पकड़े जाएंगे क्योंकि इनके गलों में भगवा दुपट्टे पड़े हैं। अगर गिरफ्तार करेंग,तो थाने जला दिए जाएंगे। दरोगा जी को दौड़ा-दौड़ा कर मारा जाएगा। इस दौरान उन्होंने सूबे की योगी सरकार पर भी हमला बोला।