नई दिल्ली : दिल्ली में अधिकारियों और सरकार के बीच विवाद की अभी जांच चल ही रही थी। इसी बीच आम आदमी पार्टी के विधायक ने एक विवादित बयान दे दिया है। उत्तम नगर से विधायक नरेश बाल्यान ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की रैली में कहा कि जो भी अधिकारी काम नहीं करते हैं, उनकी पिटाई ही होनी चाहिए। जब से आम आदमी पार्टी की सरकार आई है तभी से बीजेपी और एलजी की तरफ से अड़ंगा लगाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जो भी अधिकारी जनता के काम में अड़ंगा लगाते हैं वो परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहें। उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव ने सिर्फ एक शिकायत की और पुलिस सीएम के घर में घुस गई। हमारे मंत्री पर सचिवालय में हमला हुआ जिसके वीडियो सबूत हैं उस मामले में अभी तक पुलिस कोई कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि मैंने कोई मारपीट की वकालत नहीं की है, अगर कोई अफसर जनता के काम रुकेगा तो उसके साथ वही सलूक होना चाहिए। मैंने कोई गलत बात नहीं की।
पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल
बता दें कि मुख्यमंत्री आवास पर मुख्य सचिव अंशु प्रकाश के साथ हुई कथित बदसलूकी मामले में अब सरकार और दिल्ली पुलिस आमने-सामने है। अभी तक दिल्ली पुलिस की तरफ से इस मामले में दो आम आदमी पार्टी के विधायकों को गिरफ्तार किया गया और प्रदर्शन के दौरान कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। शुक्रवार को पुलिस मुख्यमंत्री आवास में सीसीटीवी फुटेज को सीज करने भी पहुंची। इस मामले पर अब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने चुप्पी तोड़ी थी।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।