बाहरी दिल्ली के अमन विहार इलाके में 19 साल की लड़की को किडनैप कर 10 दिनों तक रेप करने का मामला सामने आया है। इस दौरान आरोपी ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया और जमकर मारपीट भी की। आरोपी ने लड़की को बिजली के तार, बेल्ट और डंडे से पीटा था। उसके शरीर पर कई जगहों पर गहरे घाव के निशान मिले हैं। आरोपी की पहचान कुलदीप नाम के शख्स के रूप में हुई है। मामला सामने आने बाद से आरोपी फरार है। अमन विहार इलाके में रहने वाली 11वीं की छात्रा को 30 मार्च को उस वक्त अगवा कर लिया गया था जब वह अपने घर के बाहर कुछ सामान लेने निकली थी।
कुलदीप पिस्टल की नोक पर छात्रा को अगवा किया और अपने ही घर की तीसरी मंजिल पर ले गया। यहां सिरफिरे ने छात्रा के हाथ-पैर बांध दिए और बेल्ट व लोहे के तार से उसकी जमकर पिटाई की। बंधक बनाने के बाद कुलदीप ने छात्रा के साथ कई बार दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं आरोपी रात भर छात्रा के साथ रहने के बाद दिन में उसके हाथ पैर बांध देता था और मुह में कपड़ा ठूंस कर घर से निकल जाता था। जब लड़की विरोध करती थी तो उसे बिजली के तार, बेल्ट और डंडे से पीटता था। जब लड़की शोर मचाती थी तो कुलदीप तेज साउंड में गाने बजाने लगता था। लड़की ने बताया कि कुलदीप उसके हाथ-पैर बांधकर रखता था। खाना देने के वक्त ही रस्सी खोलता था।
लेकिन एक दिन कुलदीप रस्सी से बांधना भूल गया। मौके का फायदा उठाकर पीड़िता एक छोटी सी खिड़की के सहारे बाहर निकल गई। फिर जैसे-तैसे अपने घर पहुंची। लड़की की मां ने बताया कि जब उनकी बेटी घर पहुंची तो उसकी हालत बहुत खराब थी। वो ठीक से खड़ी भी नहीं हो पा रही थी। शरीर पर चोट के कई निशान थे। फिलहाल पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। लेकिन अभी तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।