नई दिल्ली : वेलेंटाइन वीक में दिल्ली के लड़के-लड़कियां ही नहीं राजनेता भी एक-दूसरे से प्यार बढ़ाएंगे, यह प्यार युवाओं वाला प्यार न होकर राजनीतिक प्यार होगा। मसलन, जिन नेताओं को अजय माकन से दूसरे खेमे का माना जाता है माकन उन सभी के साथ मिलकर दिल्ली में कांग्रेस को फिर से खड़ा करने की कवायद में जुटेंगे। इसकी शुरुआत अजय माकन ने मंगलवार को दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित से उनके निवास पर मुलाकात कर की है। लगभग एक घंटे चली इस मीटिंग में अजय माकन के साथ दिल्ली महिला कांग्रेस अध्यक्ष शर्मिष्ठा मुखर्जी भी शामिल थी।
मेरे लिए राजनीतिक मेंटर हैं शीला दीक्षित
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन का कहना है कि शीला दीक्षित मेरे लिए राजनीतिक गुरु की तरह हैं, उन्होंने हमेशा मुझे आगे बढ़ाया और मार्गदर्शन किया है। एक मां-बेटे के रिश्ते में थोड़ी सी खटास जो आई थी, वह अब दूर हो चुकी है। अब हम मिलकर दिल्ली की जनता के लिए लड़ाई लड़ेंगे। माकन ने बताया कि आगामी 14 फरवरी को दिल्ली सरकार के खिलाफ हम बड़ा कार्यक्रम करने जा रहे हैं, जिसमें शीला दीक्षित हमारा मार्गदर्शन कर रही हैं।
सभी को साधेंगे माकन…
अजय माकन ने बताया कि पिछले कुछ समय से दिल्ली कांग्रेस के जो भी कुछ नेता नाराज चल रहे थे, मैं उन सभी से खुद मिलकर उनकी नाराजगियों को दूर करूंगा। गौरतलब है कि रमाकांत गोस्वामी, मंगतराम सिंघल, जेपी अग्रवाल, जितेंद्र कोचर समेत बड़ी संख्या में ऐसे नेता हैं जो अजय माकन से लंबे समय से नाराज चल रहे हैं।
8 फरवरी से दिल्ली सरकार को घेरेगी कांग्रेस
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस की ओर से दिल्ली सरकार के हर मंत्रालय को घेरने के लिए एक्शन प्लान तैयार किया गया है। जिसमें हर मंत्रालय की पोल खोलने के लिए कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में मंत्री रहे नेताओं को एक साथ एक मंच पर लाया जाएगा। जैसे कि राज कुमार चौहान, डॉ. एके वालिया, किरण वालिया, योगानंद शास्त्री समेत खुद अजय माकन दिल्ली सरकार के खिलाफ पोल-खोल अभियान चलाएंगे।
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ।