कांग्रेस ने आज कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सरकार चलाने का अनुभव नहीं है, इसलिए उनकी सरकार तालमेल के साथ काम नहीं कर पा रही है। सिब्बल ने यहां संवाददाता सम्मेलन में मुख्यमंत्री के आवास पर मुख्य सचिव के साथ बदसलूकी किए जाने संबंधी सवाल पर केजरीवाल का नाम लिये बिना कहा कि अनुभव की कमी सभी परेशानियों की वजह है। दिल्ली की जनता से चुनाव में गलती हुई।
उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस को काम करना आता है। कांग्रेस के पास काम का अनुभव है। श्रीमती शीला दीक्षित दिल्ली की मुख्यमंत्री थीं तो उन्हें काम करने में कोई दिक्कत नहीं आयी। उन्होंने केंद्र में भारतीय जनता पार्टी की सरकार के कार्यकाल में भी दिल्ली में अच्छा काम किया। उन्हें कभी कोई परेशानी नहीं हुई।’
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री ही नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास भी अनुभव नहीं है। दिल्ली की जनता की तरह ही देश की जनता से भी 2014 में गलती हुई। मोदी सिर्फ एक ही दावा करते हैं कि उनकी सरकार आने के बाद ही विकास के सारे काम हुए हैं। उन्हें इतिहास की जानकारी नहीं है। अगर इतिहास की जानकारी होती तो कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकारों ने जो विकास कार्य किये हैं, उसकी भी बात करते। दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव अंशु प्रकाश ने आरोप लगाया है कि आम आदमी पार्टी के विधायकों ने मुख्यमंत्री के आवास पर बदसलूकी की है।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहां क्लिक करें।