राज्यसभा में आज सपा के सदस्यों ने यूपी में फर्जी मुठभेड़ मामलों तथा आप पार्टी ने दिल्ली में चल रही सीलिंग के मुद्दे को लेकर भारी शोरगुल और हंगामा किया, जिसके कारण सदन की कार्यवाही दोपहर 2 :00 बजे तक स्थगित कर दी गयी। सभापति एम वेंकैया नायडू के शून्यकाल की घोषणा करने के बाद सपा के नरेश अग्रवाल ने यूपी में फर्जी मुठभेड़ का मामला उठाया। उसके साथ ही सपा और आप के सदस्य सदन के बीच में आकर नारेबाजी करने लगे। इसी के साथ कांग्रेस के के वी पी रामचन्द, राव एक पोस्टर लेकर सदन के बीच में आ गये। इस बीच नायडू ने कहा कि नियम 267 के तहत फर्जी मुठभेड़ मामले को नहीं उठाया जा सकता है।
सदस्य इसे दूसरे रूप में उठा सकते हैं। उन्होंने अग्रवाल को अपनी पार्टी के सदस्यों को सीट पर बुलाने का अनुरोध करते हुए कहा कि दबाव बनाने से कुछ नहीं होगा। सदन चलाने की अपनी प्रक्रिया है। उन्होंने आप के संजय सिंह से भी अपनी सीट पर जाने का आग्रह किया। शोरगुल के दौरान ही तृणमूल कांग्रेस के डेरेक ओ ब्रायन ने पश्चिम बंगाल में एक रेलमार्ग को बंद किये जाने का मुद्दा उठाया। सदस्यों के शोरगुल जारी रहने पर नायडू ने सदन की कार्यवाही दोपहर 2:00 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।