सोलहवीं लोकसभा के दिवंगत सदस्य हुकुम सिंह को श्रद्धांजलि देने के बाद सदन की कार्यवाही आज दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।सदन की कार्यवाही पूर्वाह्न 11 बजे शुरू होते ही अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने तीन नवनिर्वाचित सदस्यों- कांग्रेस के डॉ. करण सिंह यादव और श्री रघु शर्मा तथा तृणमूल कांग्रेस की सजदा अहमद- को शपथ दिलाई। इसके बाद उन्होंने सदन को हुकूम सिंह के निधन की जानकारी दी।
श्रीमती महाजन ने कहा कि कैराना संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के वर्तमान सदस्य एवं सभापति तालिका के सदस्य सिंह का निधन गत तीन फरवरी को 79 वर्ष की आयु में उत्तर प्रदेश के नोएडा में हो गया। उन्होंने कहा, ‘अपने दीर्घकालीन एवं सफल विधाई तथा राजनीतिक कैरियर में, वह वर्ष 1974-77, 1980-89 एवं 1996-2014 की अवधि के दौरान सात बार उत्तर प्रदेश विधानसभा के सदस्य रहे।
वर्ष 1983-85 के दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष पद को भी सुशोभित किया। वर्ष 1985-86 की अवधि में उत्तर प्रदेश शासन में राज्य मंत्री और तत्पश्चात् वर्ष 1986-89 एवं 1996-2004 के दौरान कैबिनेट मंत्री के पद पर कार्य करते हुए उन्होंने अपने प्रशासनिक कौशल का भी परिचय दिया।’
अध्यक्ष ने दिवंगत सदस्य को सिद्धांतों के प्रति निष्ठावान एवं आम जनता से जुड़े रहने वाला जन प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि उन्होंने (दिवंगत सदस्य ने) भारतीय सेना में कैप्टन के रूप में भी देश की सेवा की और 1965 में हुए भारत-पाकिस्तान युद्ध में बहादुरी से हिस्सा लिया। वह एक सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता के साथ योगसाधक भी थे। कृषि, खेती, पशुपालन एवं जन सरोकार से संबंधित मूलभूत समस्याओं पर वह पैनी दृष्टि रखते थे।
श्रीमती महाजन ने कहा, ‘हम अपने साथी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हैं। मुझे विश्वास है कि शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करने में यह सदन मेरे साथ है।’ सदन ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद अध्यक्ष ने कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।