पटना : बिहार के पर्यटन मंत्री प्रमोद कुमार ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों की तुलना में बिहार को भी पर्यटन उद्योग के क्षेत्र में अव्वल बनाने का प्रयास जारी है। पर्यटन मंत्री प्रमोद कुमार भाजपा प्रदेश मुख्यालय में जनता की समस्याओं को सुनने आये थे। श्री कुमार ने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में बिहार सर्वधर्म समभाव का केन्द्र बिन्दु है।
जहां एक ओर सिख धर्म के लोग गुरु गोविन्द सिंह का दर्शन करते हैं वहीं दूसरी ओर सुफी धर्म के लोग मनेरशरीफ का दर्शन, बौद्ध धर्म के लोग बोध गया स्थित भगवान बुद्ध की। पर्यटन उद्योग की दृष्टि से नालन्दा स्थित अंतराष्ट्रीय विश्वविद्यालय, पटना का अंतराष्ट्रीय संग्रहालय, शक्तिपीठ से जुड़े स्थलों, शिवशक्ति से जुड़े कांवरिया पथ, मां जानकी की जन्म स्थली सीतामढ़ी सहित कई छोटे बड़े ऐतिहासिक स्थलों को सर्किट के रूप में विकसित करने का प्रयास जारी है।
इन सभी सर्किटों को जोड़कर एक नया पर्यटन रोड मैप निर्माण का काम इस वित्तीय वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इन पर्यटक रोड मैपो को नेट पर साफ्टवेयर के माध्यम से विकसित किया जायेगा ताकि देश-दुनिया के पर्यटक अपने मोक्ष केन्द्रों को अवलोकित कर सकें। सहयोग कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक सह भाजपा नेता भाई दिनेश ने जगदीशपुर स्थित वीर कुंवर सिंह किला मैदान को पर्यटक स्थल घोषित करने एवं पर्यटकों को ठहरने हेतु गेस्ट हाउस निर्माण करने की मांग मंत्री के समक्ष रखी।
सासाराम से आये आलोक गुप्ता, भोजपुर से आयी जयपुरी देवी, मुजफ्फरपुर से आये सुधीर कुमार ने अपनी-अपनी शिकायतों से मंत्री को अवगत कराया। मौके पर भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी पंकज सिंह, राकेश कुमार सिंह, अक्षय कुमार मौजूद थे।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।