अम्बाला : प्रात: अम्बाला-नारायणगढ़ रोड़ पर एन.सी.सी. स्कूल की स्कूली बच्चों की बस अचानक पलट जाने से कलरहेड़ी निवासी आठवीं कक्षा की छात्रा कनिका बराड़ की मृत्यु हो गई है। इस हादसे में बस के क्लीनर 35 वर्षीय हाउसिंग बोर्ड बलदेव नगर निवासी रविन्द्र कुमार का भी निधन हो गया है। बस के चालक बलविन्द्र के सीने और कंधे पर अधिक चोट होने के कारण उसे पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया गया है। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने मृतका कनिका बराड़ के पिता अनिल कुमार व परिजनों को उनके घर जाकर सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि यह एक दुखद हादसा है और दुख की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन परिजनों के साथ शामिल है।
इसके उपरांत स्वास्थ्य मंत्री बस के क्लीनर मृतक रविन्द्र कुमार के घर जाकर उनके परिजनों से मिले और उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने परिजनों से और उपस्थित अधिकारियों से पूरे हादसे के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। इसके उपरांत स्वास्थ्य मंत्री ने सिविल अस्पताल अम्बाला शहर में उपचाराधीन 4 छात्रों अभिषेक, परी, मनप्रीत सिंह और अरमन सिंह का भी कुशलक्षेम जाना और उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने सिविल सर्जन व अन्य चिकित्सकों को निर्देश दिए कि इलाज में किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही नही होनी चाहिए।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।