चंडीगढ़ : भाजपा की युवा हुंकार रैली के बाद कांग्रेस हरियाणा बचाओ-परिवर्तन लाओ साइकिल यात्रा निकालेगी। प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर के नेतृत्व में चलने वाली साइकिले हर रोज कम से कम दो विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगी। प्रतिदिन 60 से 80 किलोमीटर साइकिल के पैडल मारने के बाद उन्हें बड़े गांवों अथवा शहरों में रात्रि पड़ाव के लिए रोका जाएगा। हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक तंवर ने शुक्रवार को पार्टी कार्यालय में पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, कुरुक्षेत्र और कैथल जिलों के प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ मंथन के बाद साइकिल यात्रा के प्रारूप को अंतिम रूप दे दिया। तंवर ने आइटी सेल के पदाधिकारियों के साथ भी चर्चा की।
तंवर की साइकिल राज्य के सभी 90 हलकों तक पहुंचेगी। पहले चरण में उत्तर हरियाणा के 10 से 12 जिले कवर किए जाएंगे। पंचकूला जिले की कालका विधानसभा से पांच मार्च को शुरू होने वाली यात्रा में शामिल होने के लिए तंवर गुटों में बंटे सभी नेताओं को बुलाएंगे। इसके लिए उन्होंने फोन और पत्र के जरिए सूुचना देने की बात कही है। अशोक तंवर कांग्रेस के लिए फुल टाइम काम करने वाले एक हजार वालंटियर्स की भी तलाश कर रहे हैं। यह वालंटियर्स वे होंगे, जिन्हें न तो टिकट और न ही वेतन की चाह होगी। सत्ता आने पर पार्टी ऐसे वर्करों का पूरा मान सम्मान करेगी। इन वालंटियर्स का काम पार्टी के समस्त आयोजनों की देखरेख और संचालन करने का होगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री के पूर्व ओएसडी जवाहर यादव की चुनौती का जिक्र करते हुए कहा कि जींद रैली में पार्टी व सरका की असलियत सामने आ गई। भाजपाइयों ने विपक्ष को ऐसी रैली करने की चुनौती दी है। इनेलो चूंकि भाजपा से मिली हुई है, इसलिए वह यह रैली नहीं कर पाएगी। इसलिए कांग्रेस अपनी साइकिल यात्रा के बाद जींद में ही भाजपा की युवा हुंकार रैली के जवाब में मोटर साइकिल रैली करने की चुनौती स्वीकार करती है। अशोक तंवर ने कहा कि भाजपा अमित शाह को भी लाकर भीड़ नहीं जुटा पाई, लेकिन हम राहुल के बिना ही मोटर साइकिल रैली में भारी भीड़ जुटाएंगे। कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन के बाद राहुल गांधी हरियाणा का दौरा कर सकते हैं।
देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।