रोहतक : भाजपा के सांसद राजकुमार सैनी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा रविवार को दिल्ली में की गई जनाक्रोश रैली को मुर्खता की संज्ञा देते हुए कहा कि कांग्रेस ने 70 सालों में रैली ही की है, लेकिन अब जनता इनके बहावे में नहीं आने वाली है और अब जनता ऐसी मुर्खता पर मोहर नहीं लगाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि हरियाणा में आम आदमी पार्टी से समझौता करने से कोई गुरेज नहीं है, व शर्त है उनकी नियत व सोच एक जैसी होनी चाहिए। सांसद राजकुमार सैनी ने इनेलो-बसपा गठबंधन पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इनेलो कभी दलित हितैषी नहीं हो सकती है।
उन्होंने इनेलो से मुख्यमंत्री का चेहरा स्पष्ट करने की भी बात कही। रविवार को सांसद राजकुमार सैनी गांव दतौड़ में परशुराम जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। बाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने आम आदमी पार्टी के सुप्रीमों अरविंद केजरीवाल के साथ गठबंधन करने के सवाल पर कहा कि वे जन जागरण में जुटे हुए हैं, इस जन जागरण में जो भी उनके जैसी सोच के व्यक्ति हैं उनका साथ लेने के लिए वे तैयार हैं, लेकिन राजनीति के लिए जनता को बहकाने वालों से वे दूर रहेंगे।
दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की रैली पर तंज कसते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि देश में ज्यादातर कांग्रेस पार्टी का शासन रहा है और इसी तरह की मुर्खता करते रहे हैं, लेकिन अब पूरे देश से इनका सुपडा साफ हो चुका है। अब जनता इनकी इस मुर्खता पर मोहर नहीं लगाएगी। इसके अलावा सांसद ने बसपा-इनेलो गठबंधन पर भी निशाना साधा और कहा कि इनेलो कभी भी दलित हितैषी नहीं हो सकती है। इनेलो के शासनकाल में सबसे ज्यादा अत्याचार दलितों पर हुए थे। इनेलो का प्रदेश में अस्तित्व खत्म हो चुका है और बसपा के साथ समझौता कर अपने बजूद को बचाने में जुटी है।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहाँ क्लिक करें।
– (मनमोहन कथूरिया)