फतेहाबाद : एसवाईएल मामले में सुप्रीम कोर्ट का निर्णय लागू करवाने को लेकर संघर्षरत इनेलो-बसपा कार्यकत्र्ताओं ने आज जिला फतेहाबाद मुख्यालय में जेल भरो आंदोलन के तहत नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला, बसपा प्रदेशाध्यक्ष प्रकाश भारती के नेतृत्व में हजारों की संख्या में एकत्रित होकर गिरफ्तारियां दी। अनाज मंडी शैड के नीचे जेल भरो आंदोलन के तहत एकत्रित हुए इनेलो-बसपा कार्यकत्र्ताओं की भीड़ देख दोनों पार्टियों के शीर्ष नेता गदगद नजर आए। गिरफ्तारियां देने पहुंचे कार्यकत्र्ताओं में महिलाएं भी बड़ी तदाद में पहुंची। गिरफ्तारियां देने से पूर्व कार्यकत्र्ताओं को शीर्ष नेता अभय चौटाला, बसपा प्रदेशाध्यक्ष प्रकाश भारती, नरेन्द्र प्रजापति, किसान प्रकोष्ठ प्रदेशाध्यक्ष स निशान सिंह, सांसद चरणजीत रोडी, विधायक बलवान दौलतपुरिया, प्रो. रविन्द्र बलियाला ने भी मुख्य रूप से संबोधित किया। मंच संचालन इनेलो जिलाध्यक्ष बलविन्द्र कैरों ने किया।
इस मौके पर अभय चौटाला ने प्रदेश की भाजपा सरकार को पूरी तरह से अनुभवहीन व जनविरोधी बताते हुए कहा कि हरियाणा के बच्चे से लेकर वृद्ध व्यक्ति तक का कंठ जल संकट के कारण सूखने लगा है। अन्नदाता किसान की जमीन पानी की भारी कमी की मार झेल रही है और हरियाणा की प्यासी धरती की प्यास बुझाने को लेकर भाजपा सरकार जरा भी गंभीर नहीं है। कार्यकर्ताओं को 16 रोडवेज बसों से पुलिस लाइन में लाया गया। पुलिस लाइन ले जाकर एसडीएम सतबीर जांगू ने इनकी जमानत दी। गिरफ्तारियां देने से पूर्व कार्यकर्ताओं को अभय चौटाला, प्रकाश भारती, सांसद चरणजीत रोडी, विधायक बलवान दौलतपुरिया, प्रो रविन्द्र बलियाला ने भी मुख्य रूप से संबोधित किया।
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ।
– सुनील सचदेवा