भोपाल : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के अन्य हिस्सों में मंगलवार की देर शाम और रात को चली तेज हवाओं ने जन-जीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। वहीं, मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है।
राज्य के अधिकांश हिस्सों मे बुधवार की सुबह से गर्मी के तेवर तल्ख है, धूप की चुभन पसीना बहा देने वाली है। मंगलवार को राज्य के कई हिस्सों में कुंबलो निंबस ने अपना असर दिखाया। कुंबलो निंबस का अर्थ है, गरज-चमक के बादलों के बीच से तेजी से हवा आना।
इससे राजधानी में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ, कई स्थानों पर पेड़ तक गिर गए। वहीं मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में राज्य में तेज हवाएं चलने के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। राज्य में कई स्थानों पर बौछारें पड़ने के बाद भी गर्मी परेशान कर देने वाली है।
बुधवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 29.8 सेल्सियस, इंदौर का 25.4, ग्वालियर का 25.4 और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, मंगलवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 41 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 40.5 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का अधिकतम तापमान 41़1 डिग्री सेल्सियस रहा।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।