जम्मू : जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में पाकिस्तानी सैनिकों की गोलीबारी और गोलाबारी के चलते नियंत्रण रेखा के एक इलाके में स्थित स्कूलों को आज अधिकारियों ने बंद कर दिया। पुंछ के उपायुक्त तारिक अहमद जरगार ने कहा, दिगवार और खादी करमारा में नियंत्रण रेखा के पास स्थित स्कूलों को आज पाकिस्तानी गोलीबारी और गोलाबारी के मद्देनजर बंद कर दिया गया।
जरगार ने यद्यपि कहा कि भीतर के अन्य क्षेत्रों में स्थित स्कूल खुले हुए थे। उन्होंने कहा कि गोलाबारी के चलते स्कूलों को केवल आज के लिए बंद किया गया। उन्होंने कहा कि सीमांत इलाके में स्थिति नियंत्रण में है क्योंकि गोलाबरी और गोलीबारी दोपहर करीब 14.30 बजे रूक गई। पाकिस्तानी सैनिकों ने आज लगातार दूसरे दिन संघर्षविराम का उल्लंघन किया और पुंछ में नियंत्रण रेखा के अग्रिम क्षेत्रों में गोलीबारी की और मोर्टार के गोले दागे। इसका भारतीय सेना ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया।
एक रक्षा प्रवक्ता ने कहा, पाकिस्तानी सेना ने आज सुबह पौने आठ बजे से नियंत्रण रेखा से लगे कृष्णाघाटी सेक्टर में छोटे हथियारों, स्वचालित हथियारों और मोर्टार से बिना उकसावे के अंधाधुंध गोलीबारी शुरू की। कल पुंछ में नियंत्रण रेखा से लगे अग्रिम इलाकों में पाकिस्तानी सैनिकों की ओर से की गई गोलीबारी एवं गोलाबारी में सेना का एक जवान शहीद हो गया था और एक असैन्य कुली की मौत हो गई थी जबकि एक कुली सहित छह अन्य घायल हो गए थे।