कांग्रेस महाधिवेशन को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। राहुल ने कहा कि आज देश में गुस्सा फैलाया जा रहा है, लोगों को बांटने का काम किया जा रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देश में आज एक-दूसरे को आपस में लड़वाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा देश को जोड़ने की बात की है। हाथ के निशान की ताकत से ही देश को आगे बढ़ाया जा सकता है।
राहुल ने कहा कि पार्टी नए तरीके से आगे बढ़ेगी, युवा लोग पार्टी को चलाएंगे लेकिन सीनियर नेताओं को साथ में लेकर ही पार्टी आगे बढ़ेगी। राहुल ने कहा कि देश को सिर्फ कांग्रेस पार्टी ही रास्ता दिखा सकती है। मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए राहुल ने कहा कि जब किसान, मजदूर, गरीब लोग मोदी सरकार की तरफ देखते हैं तो उन्हें रास्ता नहीं दिखता है। बीजेपी वाले गुस्से का प्रयोग करते हैं, लेकिन हमारी पार्टी प्यार से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि ये देश हर किसी का है, हर धर्म वाले का है।
बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद राहुल गांधी ने आज पहली बार पार्टी महाधिवेशन को संबोधित किया। इस अधिवेशन को सप्रंग अध्यक्ष सोनिया गांधी भी संबोधित करेंगी। अधिवेशन में पार्टी की अगले पांच साल की दशा-दिशा तय होगी। इस दौरान आर्थिक और विदेशी मामलों सहित चार महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। पार्टी के दोनों शीर्ष नेता 2019 के लोकसभा चुनाव में मोदी के विरोध में मोर्चा बनाने के फॉर्मूले के संकेत दे सकते हैं। ये महाधिवेशन दिल्ली के इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम में हो रहा है।
LIVE UPDATE :
– कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देश को बांटा जा रहा है।
– संबोधन की शुरुआत करते हुए राहुल गांधी ने स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित किया।
– इस महाधिवेशन में कांग्रेस के दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि दी गई।
– कांग्रेस ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से चुनाव की बात कर सकती है।
– इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में राहुल कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे हैं।
– राहुल गांधी की मौजूदगी में राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत गाया गया।
– कांग्रेस महाधिवेशन में राहुल गांधी पहुंचे।
– पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी अधिवेशन में पहुंच चुके है।
– अधिवेशन शुरू होने से पहले राहुल ने ट्वीट कर सभी कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। अधिवेशन से ठीक पहले राहुल ने अपना ट्विटर अकाउंट @OfficeOfRG से बदलकर @RahulGandhi कर लिया।
कांग्रेस ने अधिवेशन शुरू होने से पहले मोदी सरकार के खिलाफ 5 बुकलेट जारी की हैं। इन बुकलेट को कार्यकर्ताओं के बीच बांटा जाएगा।
यह बुकलेट इन मुद्दों पर है :
– युवा, नौकरी, महिला, अल्पसंख्यक
– अर्थव्यवस्था
– राष्ट्रीय सुरक्षा
– मोदी सरकार की लूट
बता दें कि कांग्रेस के 84वें महाधिवेशन में राजनीतिक, आर्थिक, विदेशी मामलों और कृषि, बेरोजगारी और गरीबी उन्मूलन के विषय प्रस्ताव शामिल होंगे।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें ।