कांग्रेस ने आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार पर आरोप लगाया कि वह शासन की विफलता से लोगों का ध्यान बंटाने के लिए अपने राजनीतिक विरोधियों को झूठे मामलों में फंसा रही है। इससे एक दिन पहले ही कांग्रेस नेता भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के खिलाफ सीबीआई ने भ्रष्टाचार के एक मामले में आरोपपत्र दाखिल किया था।
कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि मोदी सरकार 2019 के लोकसभा चुनावों से पहले खुद को जनाक्रोश से बचाने के लिए विपक्ष के नेताओं पर हमले कर रही है। किंतु कांग्रेस इस प्रकार की राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई के आगे नहीं झुकेगी। उन्होंने बोफोर्स मामले की मिसाल देते हुए आरोप लगाया कि भाजपा नीत केन्द्र सरकार कांग्रेस को बदनाम करने के लिए इस मुद्दे को जीवित बनाये रखना चाहती है।
सीबीआई ने कल उच्चतम न्यायालय में एक याचिका दायर कर दिल्ली उच्च न्यायालय के 2005 के एक फैसले को चुनौती दी जिसमें राजनीतिक रूप से बेहद चर्चित हुए बोफोर्स दलाली मामले में सभी आरोपियों को आरोपमुक्त कर दिया गया था। सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि यह काम पूरी तरह से लोगों का ध्यान शासन की विफलताओं से हटाने के लिए किया गया है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यह मोदी सरकार और भाजपा नेतृत्व द्वारा अपने निहित राजनीतिक हितों को साधने के लिए रची गयी एक साजिश का अंग है। कांग्रेस नेता ने कहा, “मोदी सरकार कांग्रेस नेताओं के खिलाफ झूठे आरोप लगाकर राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई कर रही है। चूंकि सरकार का राजनीतिक ग्राफ गिर रहा है इसलिए वह कांग्रेस नेताओं को सीबीआई एवं अन्य एजेंसियों के जरिये झूठे एवं निराधार मामलों में फंसा रही है।”
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, “किन्तु कांग्रेस नेता इन साजिशों और झूठे मामलों का पुरजोर तरीके से मुकाबला करेंगे।” हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा एवं 33 अन्य के खिलाफ सीबीआई ने 1500 करोड़ रूपये के मानेसर भूमि सौदे में हुए कथित भ्रष्टाचार को लेकर आरोपपत्र दायर किया है।
इस मामले में करीब 200 किसानों के साथ धोखाधड़ी का आरोप है। सुरजेवाला ने यह भी आरेाप लगाया कि इन मामलों के माध्यम से लोगों का ध्यान हरियाणा की भाजपा सरकार की कानून व्यवस्था को कायम रखने में पूर्ण विफलता को छिपाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने दावा, “देश में मोदी सरकार के खिलाफ जनाक्रोश है। सरकार विपक्ष की आवाज दबाना चाहती है।”
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।