नई दिल्ली : रहस्यमयी तरीके से महिलाओं के बाल काटे जाने की घटनाएं आग की तरह देश में फैलती जा रही हैं। दिल्ली-एनसीआर, यूपी, हरियाणा और राजस्थान में कई महिलाओं की चोटी काटने की घटना हो चुकी है। दिल्ली के मायापूरी इलाके में एक महिला और उसकी तीन बेटियों की चोटी काट दी गई, तो गाजियाबाद में एक महिला के किसी बाबा ने बाल काट दिये। इस घटना के बाद से इलाके में दहशत हैं। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली में चोटी काटे जाने की घटना में लगातार इजाफा
दिल्ली में चोटी काटे जाने की घटना में लगातार इजाफा हो जा रहा है। यह किसी की शरारत है या फिर कोई जानकर कर इस तरह की हरकत को अंजाम दे रहा है यह तो अभी जांच का विषय है लेकिन गुरुवार को एक बार फिर चार महिलाओं की चोटी काटे जाने की घटना ने दिल्ली में दहशत का माहौल बना दिया है। इन सभी महिलाओं का कहना है कि जब वह सुबह सोकर उठीं तो उनके बाल कटे हुए थे। बताया जाता है कि इन सभी महिलाओं ने अपने घर को पूरी तरह से बंद कर रखा था, इसके बावजूद उनकी बाल कटने की घटना से हर किसी को सकते में डाल दिया है।
बताया जाता है कि नजफगढ़ के धर्मपुरा में एक महिला की चोटी काटे जाने की घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। बताया जाता है कि महिला गुरुवार को जब सोकर उठी तो बिस्तर के पास ही उसकी चोटी कटी पड़ी थी। इसकी सूचना मिलते ही इलाके के लोगों ने पूजा पाठ भी शुरू कर दिया है और महिलाओं को घर में ही रहने की हिदायत दी जा रही है। वहीं दूसरी घटना मायापुरी में घटी। यहां पर घर को अंदर से बंद कर रात में सोई महिला और उनकी तीन बेटियों के बाल काटे जाने की सूचना है। हालांकि पुलिस इस मामले को अभी भी संदिग्ध मान रही है। इस सूचना के बाद से भी इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
अब तक दस महिलाओं को बनाया निशाना
इसे किसी सिर फिरे की शरारत कहें या कुछ और लेकिन इसका खामियाजा अब तक राजधानी की 10 महिलाओं को उठाना पड़ा है। राजधानी में रात में सोते समय बाल काटे जाने की अब तक दस घटनाएं हो चुकीं हैं। इसमें कांगहेड़ी से तीन, पालम से एक, रणहौला में एक, नजफगढ़ से एक और मायापुरी से चार मामले सामने आए हैं।
ग्रेटर नोएडा में छात्रा का बाल काटा
ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र के अच्छेजा गांव में रात में सोते समय एक परिवार के दो सदस्यों के बाल काटे जाने की सूचना से इलाके में दहशत बनी हुई है। बताया जाता है कि मजदूरी का काम करने वाले एक शख्स की बेटी और उसके बेटे के बाल रात के समय किसी ने काट दिए थे। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
रणहौला में भी महिला की चोटी कटी
रणहौला इलाके में मंगलवार देर रात महिला की चोटी कटने का मामला सामने आया है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, पुलिस पूरे मामलें को संदेहादस्पद बता रही है। जानकारी के अनुसार, प्रेमवती (परिवर्तित नाम) अपने पति के साथ तिलंगपुर कोटला इलाके में रहती है। प्रेमवती बुधवार रात बाथरूम के अंदर गई तो वह तीस सेकेंड बाद ही बाहर आ गई। उसके बाल गर्दन तक कटे हुए थे। इसके बाद परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। जांच से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि जब यह घटना हुई तब मकान पूरी तरह से बंद था। पुलिस का कहना है कि बाल अचानक कटे हुए नहीं लग रहे हैं। इसलिए इन बालों को फोरेंसिक लैब भेज गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के हाथ फिर भी खाली
कांगहेड़ी में महिलाओं की चोटी कटने के मामले में पुलिस ने कुछ चोरों पर शक जताया था। मगर पुलिस की यह कहानी फिलहाल फ्लॉप साबित हुई है। पुलिस के आला अधिकारी अभी भी इस मामले में उधेड़बुन में लगे हैं कि आखिर यह कैसे हो रहा है।