करीब 20 साल बाद मुंबई के वर्सोवा बीच पर दुर्लभ प्रजाति के ओलिव रिडले कछुए तट पर वापस लौट आए हैं। माना जा रहा है कि कछुओं की इस वापसी के पीछे तट पर सफाई करने वाले नौजवानों की मेहनत है जिन्होंने पिछले कुछ हफ्तों में तट को इस लायक कर दिया कि दुर्लभ प्रजाति के इन कछुओं ने वर्सोवा बीच की तरफ अपना रुख किया। इस खबर के बाद लोगों में काफी उत्साह है खासकर उन युवाओं में जो पिछले कई हफ्तों से मुंबई के समुद्र तटों की सफाई में तल्लीनता के साथ लगे हुए थे। इन छोटे-छोटे कछुओं के झुंड ने उन सभी के भीतर एक नए उत्साह भर दिया है।
आपको बता दे कि वर्सोवा बीच पर करीब 80 नवजात समुद्री कछुए मिले हैं। इसकी सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे। वन विभाग के अधिकारियों ने पाया कि ये समुद्री कछुए के नवजात हैं। पर्यावरणविदों और वन विभाग ने इसको लेकर खुशी जाहिर की है।
ऑलिव रिडले टरटल्स के मिलने के लिए समाजसेवी अफरोज शाह और उनकी टीम को श्रेय दिया जा रहा है। अफरोज और उनकी टीम ने 2015 में बीच क्लीन-अप ड्राइव मुहिम शुरू की थी, इसी ग्रुप के लोगों ने गुरुवार को कछुओं के बच्चों को देखा। शाह और उनकी टीम ने वर्सोवा बीच को साफ करने के लिए 127 हफ्तों की मेहनत की है।
अफरोज शाह ने ट्वीट कर इसकी जानकारी और बीच से कछुओं के फोटो भी शेयर किए। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि ओलिव रिडली टरटल्स वापस आ गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि ओलिव रिडली टरटल्स को बीच पर 20 साल पहले देखा गया था।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।