रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता रघुवर दास ने आज दावा किया कि गोमिया एवं सिल्ली विधानसभा सीट के लिए होने वाले उपचुनाव में निश्चित रूप से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत होगी। श्री दास ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि गोमिया और सिल्ली विधानसभा सीट के उपचुनाव में विकास की जीत होगी। उन्होंने कहा कि बतौर मुख्यमंत्री वह किसी भी क्षेत्र को लेकर चिंतित नहीं हैं क्योंकि विपक्षी दलों के विधायक हों या सत्ताधारी पार्टी के, सभी का फोकस केवल विकास पर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोमिया सीट पर विपक्षी पार्टी का विधायक होने के बावजूद उनकी सरकार ने उस क्षेत्र के विकास के लिए 750 करोड़ रुपये खर्च किये हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार सभी क्षेत्रों के विकास के लिए ईमानदारी से काम कर रही है।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उपचुनाव के लिए श्री विद्युत बरन महतो एवं साधु चरण समेत पार्टी के कई अन्य नेताओं ने घटक दल ऑल झारखंड स्टूडेंन्ट्स यूनियन (आजसू) के पक्ष में प्रचार किया है। यदि इसके लिए और नेताओं की मांग होगी तो उसे पूरा किया जाएगा। श्री दास ने विपक्षी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पर हमला बोलते हुये कहा कि झारखंड को झामुमो की कोई जरूरत नहीं है क्योंकि पिता-पुत्र (शिबू सोरेन, हेमंत सोरेन) ने मिलकर इस पार्टी को अपने कब्जे में कर लिया है। उन्होंने आरोप लगाते हुये कहा कि खुद को राज्य के आदिवासियों का रहनुमा बताने वाली झामुमो ने ही वर्ष 1993 में झारखंड को दो करोड़ रुपये में बेच दिया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह झामुमो सरकार ही थी जिसने राज्य की द्वितीय भाषा की सूची से नौ भाषाओं को समाप्त कर दिया था। लेकिन, मौजूदा राजग सरकार ने समाप्त की गई उन नौ भाषाओं को पुन: महत्व देते हुये उसे झारखंड लोक सेवा आयोग एवं झारखंड कर्मचारी चायन आयोग की प्रतियोगिता परीक्षाओं के लिए अनिवार्य कर दिया है। श्री दास ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी की पार्टी झारखंड विकास मोर्चा का धीरे-धीरे राज्य से अस्तित्व समाप्त हो रहा है।
इस पार्टी में केवल उसके अध्यक्ष श्री मरांडी एवं महासचिव प्रदीप यादव ही बच गये हैं, जिनका वर्ष 2019 में राज्य से सफाया हो जाएगा। उन्होंने झारखंड कांग्रेस पर हमला बोलते हुये कहा कि इस पार्टी का राज्य में आधार पूरी तरह से सिकुड़ गया है जिसका प्रमाण है कि अब किसी भी राजनीतिक मंच पर उसके नेताओं को आमंत्रित नहीं किया जाता है। मुख्यमंत्री ने दावा किया है कि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा राज्य की सभी 14 लोकसभा सीटें जीतेगी।साथ ही विधानसभा चुनाव में दो तिहाई बहुमत प्राप्त कर एक बार फिर सरकार बनाएगी।
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ।