लुधियाना-जालंधर : बीती रात जालंधर में एक रिटायरमेंट पार्टी के दौरान गोलियां चलने की घटना के मामले में पुलिस ने अकाली नेता और उसके दोनों बेटों पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। दोनों समूहों की टकराव हंगामें में बदलते ही आपस में हाथापाई के उपरांत ताबड़तोड़ गोलियां चलने से समस्त इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। रिटायरमेंट पार्टी में गोलियां चलने के पश्चात भाजपा का एक स्थानीय नेता दीपक तेलू जख्मी हुआ है, जिसे इलाज के लिए तुरंत अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही समस्त इलाके को पुलिस छावनी में तबदील कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक ब्रांडरथ रोड पर एक रिटायरमेंट पार्टी में मामूली विवाद के कारण अकाली नेता और उनके लोगों ने भाजपा नेता व उनके साथियों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। वहां मौजूद भाजपा नेता दीपक तेलू को एक गोली लग गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको टैगोर अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने अकाली नेता व भावाधस के राष्ट्रीय प्रधान सुभाष सौंधी, उसके दोनों बेटों व अन्य लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है।
सूत्रो के मुताबिक सुभाष सौंधी को हिरासत में ले लिया गया है। बताया जा रहा है कि ब्रांडरथ रोड पर एक व्यक्ति की रिटायरमेंट पार्टी चल रही थी। इस पार्टी में भावाधस के राष्ट्रीय प्रधान सुभाष सोंधी और भगवान वाल्मीकि उत्सव कमेटी के प्रधान विपन सभ्रवाल भी पहुंचे। वहां पर दोनों पक्षों में से बहस हुई जिसके बाद विवाद हो गया।
आरोप है कि पार्टी के बाद सुभाष सौंधी ने अपने साथियों सहित दीपक तेलू को अली मोहल्ला पुली पर घेर लिया और गोलियां चलानी शुरू कर दी। अली मोहल्ला पर खड़ी गाडिय़ों को भी तोड़ दिया। जब उनको बचाने के लिए कुछ लोग आए तो गोलियां चला दीं। एक गोली दीपक तेलू की कमर में जा लगी। विपन सभ्रवाल व उसके साथियों पर भी फायर हुए लेकिन वह बाल बाल बच गए।
सूचना मिलते ही एसीपी सतिंदर चड्ढा मौके पर पहुंचे और सुभाष सौंधी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने इस मामले में एफआइआर दर्ज कर ली है। भगवान वाल्मीकि उत्सव समिति के प्रधान विपन सभ्रवाल के बयानों पर अकाली नेता सुभाष सौंधी, उनके भाई धर्मेंद्र सौंधी, उसके बेटे हिमांशु सौंधी, अंकुश सौंधी, राजू खोसला, गोबा, पिदा, सिकंदर, राहुल, सुरिंदर व अज्ञात पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया। एसीपी सतिंदर चड्डा ने पुष्टि करते हुए बताया कि सुभाष सौंधी हिरासत में ले लिया गया है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
– सुनीलराय कामरेड
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।