नयी दिल्ली : भाजपा एवं आरएसएस की तुलना कौरवों एवं कांग्रेस की तुलना पांडवों से करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार पर देश के लाखों युवाओं एवं किसानों की आशाओं को पूरी तरह नकार कर ”इंडिया गेट के सामने योग’ करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया यह वक्त बदलाव का है तथा कांग्रेस पार्टी लोगों को न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ती रहेगी। कांग्रेस के 84वें महाधिवेशन के समापन संबोधन में राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर प्रहार करने के साथ देश की वर्तमान समस्याओं के समाधान के लिए अपनी पार्टी का दृष्टिकोण रखा। साथ ही पार्टी में बड़े बदलाव की बात भी स्पष्ट तौर पर की। उन्होंने आज दावा किया कि कौरवों की तरह भाजपा और आरएसएस की बनावट (डिजाइन) सत्ता के लिए लड़ने के लिए है जबकि पांडवों की तरह कांग्रेस की बनावट सत्य के लिए लड़ने की है।
उन्होंने कहा, ”देश के लोग उस पार्टी को स्वीकार कर लेंगे जिसका नेतृत्व सत्ता के अहंकार से चूर है। क्योंकि वह जानते हैं भाजपा की बनावट कैसी है। वे उस व्यक्ति को भाजपा के अध्यक्ष के तौर पर स्वीकार कर लेंगे जो हत्या का आरोपी है। किंतु लोग कांग्रेस में कभी और कभी इस बात को स्वीकार नहीं करेंगे। क्योंकि वे इस बात को गहराई से जानते हैं कि यह कांग्रेस पार्टी का जो संगठन है यह सच्चाई का संगठन है।” राहुल ने दावा किया कि देश के लोग किसी भी अन्य राजनीतिक संगठन की तुलना में कांग्रेस को काफी ऊंचे मानकों से देखते हैं। भारत कभी हमें भाजपा या आरएसएस की तरह बर्ताव करने की इजाजत नहीं देगा। वे हमें कभी झूठ नहीं बोलने देंगे। वे हमें कभी घृणा नहीं फैलाने देंगे। वे हमें कुछ नहीं करने के लिए दंडित कर सकते हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि भाजपा एक संगठन की आवाज है जबकि कांग्रेस एक देश की आवाज है। उन्होंने गांधीजी और देश के लगभग हर राज्य में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा जेल में बिताये गये दिनों और दिये बलिदानों की चर्चा करते हुए कहा कि उनके नेता ‘‘श्री सावरकर ने ब्रिटिश शासकों से माफी मांगी थी।’’ उन्होंने कहा कि अकेले पंजाब में ही 15 हजार कांग्रेस कार्यकर्ता मारे गये। राहुल ने कहा कि हमारी पिछली सरकार के कुछ अंतिम वर्षों में हम लोगों की आकांक्षाओं के अनुरूप नहीं उतर पाये। हमारे देश के लोगों को नीचा देखना पड़ा। उन्होंने कहा कि महाभारत की तरह आज भी यह सवाल उठ खड़ा हुआ है कि क्या देश सत्य का सामना करने का साहस दिखायेगा या झूठ में जियेगा?
उन्होंने कहा कि आज भ्रष्ट एवं शक्तिशाली लोग देश के एजेंडा को नियंत्रित कर रहे हैं। आज देश की सबसे तेजी से विकास करने वाली अर्थव्यव्यस्था है। पर यदि आप हमारे किसी भी शहर के युवा से पूछिये कि वह क्या कर रहा है तो वह सिर झुकाकर कहेगा कि ’’मैं कुछ नहीं करता।’’ उन्होंने कहा कि एक तरफ से सबसे तेज विकसित होने वाली अर्थव्यवस्था और दूसरी तरफ करोड़ो युवक बेरोजगार है..यह हिन्दुस्तान की असली सच्चाई है। राहुल ने कहा कि आज हर उत्पाद पर मेड इन चाइना लिखा है। उन्होंने कहा चीन हर जगह है- हमारी दुकानों, डोकलाम में, पाकिस्तान में, बांग्लादेश में, बर्मा में श्रीलंका में।
उन्होंने कहा, ‘‘आप बैंकों से 33 हजार करोड़ रूपये चुरा सकते हैं तथा वित्त मंत्री चुप रहेंगे क्योंकि वह और उनकी बेटी सांठगांठ वाले पूंजीपतियों के लिए काम करती हैं।’’ उन्होंने कहा कि यह सब ‘‘मोदी की माया है- 15 लाख रूपये आपके खातों में, स्वच्छ भारत, आप भूखे मर रहे हों और वे कहेंगे कि आपके पेट की भूख आपकी कल्पना है।’’ कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री मोदी पर तंज करते हुए कहा, ‘‘रोजगार नहीं है, किसान आत्महत्या कर रहे हैं और चलो इंडियागेट के सामने योग करते हैं।’’ उन्होंने नोटबंदी और ‘‘गब्बर सिंह टैक्स (जीएसटी)’’ के फैसले को लेकर भी प्रधानमंत्री पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को सत्य बोलने से कोई भी चुप नहीं करा सकता। उसे लोगों के लिए न्याय मांगने से कोई भी चुप नहीं करा सकता।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।