राजस्थान में लोकसभा उपचुनाव के लिए आज अलवर और अजमेर में वोटिंग शुरू हो गई है। यहां पर लोकसभा उपचुनाव के साथ ही मंडलगढ़ विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए वोट डाले जा रहे हैं। चुनाव आयोग के अनुसार शुरुआती दो घंटे में तीन सीटों के लिए हो रहे उपचुनाव में करीब 14 फीसदी मतदान हुआ है।
मतदान प्रक्रिया सुबह करीब आठ बजे से शुरू हुई। कई स्थानों पर ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायतें भी मिली है। जिस कारण करीब डेढ़ दर्जन पोलिंग बूथ पर मतदान कुछ देरी से प्रारंभ हुआ। वहीं, अजमेर के एक पोलिंग बूथ के बाहर राजस्थान सरकार के एक मंत्री और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई है।
दोनों पार्टियों के कई दिग्गज नेताओं ने आज सुबह-सुबह मतदान किया। जिसमें पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह, भाजपा नेता भूपेन्द्र यादव भी सम्मलित थे। माना जा रहा है कि ये दोनों ही उपचुनाव कांग्रेस के लिए जमीन मजबूत करने का मौका हैं तो वहीं वहीं मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के लिए ये चुनाव सेमीफाइनल से कम नही है।
बता दें कि पूर्व केंद्रीय मंत्री और अजमेर से बीजेपी सांसद सांवर लाल जाट, अलवर से बीजेपी सांसद चांद नाथ योगी और मंडलगढ़ से बीजेपी विधायक कार्ति कुमारी का असामयिक निधन होने के कारण ये तीनों सीटों के लिए उपचुनाव हो रहे हैं। उपचुनाव के नतीजे 1 फरवरी को आएंगे।
बताते चले कि अलवर लोकसभा सीट से डॉ. करण सिंह यादव (कांग्रेस), डॉ. जसवंत यादव(भाजपा), अजमेर लोकसभा सीट पर कांग्रेस के डॉ. रधु शर्मा, रामस्वरूप (भाजपा) और मंडलगढ़ विधानसभा सीट से भाजपा के शक्ति सिंह और कांग्रेस के विवेक धाकड़ के बीच सीधा मुकाबला है।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।