राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे एवं राज्यपाल कल्याण सिंह ने कल विजयादशमी के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
श्रीमती राजे ने अपने संदेश में कहा कि विजयादशमी का त्यौहार हमें सिखाता है कि बुराई चाहे कितनी भी बड़ी क्यों न हो उसे आखिरकार अच्छाई के सामने पराजित होना ही पड़ता है। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमारे भीतर की बुराइयों पर विजय प्राप्त कर सद्गुणों का विकास करने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों का आह्वान किया कि वे प्रदेश में शांति, सछ्वावना और भाईचारे की भावना को बनाए रखें और प्रदेश के चहुंमुखी विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा है कि विजयादशमी आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व का पर्व है। यह बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। उन्होंने दशहरा पर प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने प्रदेशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व अधर्म पर धर्म की विजय, असत्य पर सत्य की विजय, बुराई पर अच्छाई की विजय, पाप पर पुण्य की विजय, अत्याचार पर सदाचार की विजय, क्रोध पर दया-क्षमा की विजय, अज्ञान पर ज्ञान की विजय, रावण पर श्रीराम की विजय के प्रतीक का पावन पर्व है।
उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों को समाज में व्याप्त कुरीतियों पर विजय के लिए संकल्प पर समाजोत्थान के लिए प्रयासरत रहना चाहिए।