वैसे तो पुलिस का नाम सुनते ही कई लोगों के पसीने छूटने लगते हैं। वास्तव में देखा जाए तो इस संस्था का निर्माण ही इसलिए किया गया था कि लोगों में एक भय बना रहे और वे गलत काम करने से डरे। इसके अलावा पुलिस का काम प्रशासनिक गतिविधियों को ठीक से अंजाम देना भी है।
लेकिन एक शख्स पुलिस की कार्रवाई से इतना नाराज हो गया कि उसने एक-दो बार नहीं, बल्कि 1264 बार कंट्रोल रूम में फोन करके पुलिस को गालियां दी। आपको बता दे ये मामला गुजरात के अहमदाबाद स्थित भोइवास इलाके का है।
अहमदाबाद के भोईवास का रहने वाला 40 वर्षीय ईश्वर भोई पुलिस से काफी नाराज था। कुछ सालों पहले एक जमीन विवाद के चलते पुलिस ने उसे पीटा था, जिसका वो बदला लेना चाहता था।
वो एमरजेंसी सर्विस 108 को फोन करता और फोन उठाने वाले को गालियां देता। इस जुर्म में नरोडा पुलिस ने उसे गिरफ्तार भी कर लिया था। हालांकि बाद में उसे बेल पर रिहाई मिल गई थी। गिरफ्तारी के बाद भी ईश्वर नहीं सुधरा और इसके बाद वो पुलिस कंट्रोल रूम को फोन करने लगा।
ईश्वर पुलिस कंट्रोल रूम को फोन करता और फोन उठाने वाले को गालियां देता। अगर फोन उठाने वाली कोई महिला होती तो वो उनसे भद्दे तरीके से बात करता था। ईश्वर ने ऐसे तकरीबन 1,264 फोन किए।
उसके फोन से परेशान होकर पुलिस ने उसकी शिकायत शहर के क्राइम ब्रांच के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप से कर दी। इसके बाद उसके फोन का आईएमईआई नंबर निकालकर उसे पकड़ा गया।
पुलिस ने ईश्वर को नारोल में एक फैक्ट्री के नजदीक मटन गली से पकड़ा। पकड़े जाने पर ईश्वर रोता रहा और पुलिस से माफी की मांग करने लगा। खबरों के अनुसार ईश्वर का दिमागी संतुलन ठीक नहीं है।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।