नयी दिल्ली : देश के कई हिस्सों में लू चलना आज भी जारी रहा जबकि बिहार और ओडिशा जैसे राज्यों में बारिश होने से वहां पर पारे में गिरावट दर्ज की गई। वहीं दिन भर की गर्मी के बाद शाम में दिल्लीवासियों को तेज हवाएं और हल्की बारिश से राहत मिली। राष्ट्रीय राजधानी में दिन में गर्मी रही और अधिकतम तथा न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा था जबकि न्यूनतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि आज रात शहर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई। मौसम अधिकारी ने कल भी बारिश होने का अनुमान जताया लेकिन भारी बारिश की संभावना से इनकार किया।
राजस्थान के अधिकांश इलाके तपिश से झुलस रहे हैं। राज्य के कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी चली और हल्की बारिश हुई। श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा जहां का अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद कोटा में 45.1 डिग्री, चुरू में 45 डिग्री, बीकानेर में 44.6 डिग्री और प्रदेश की राजधानी जयपुर में 43.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। जयपुर, चुरू और श्रीगंगानगर में आज सुबह हल्की बारिश दर्ज की गई। उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में जबर्दस्त गर्मी पडऩा जारी है जहां के सात स्थानों पर पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया। बांदा में पारा 44.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा। पंजाब और हरियाणा के अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में गिरावट देखी गई है वहीं हिसार में हल्की बारिश के बावजूद अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्यिस रिकॉर्ड किया गया।
(भाषा)