नई दिल्ली : राष्ट्रमंडल खेलों से बैरंग लौटने के बाद हॉकी इंडिया ने कोचों की अदला-बदली करते हुए महिला टीम के कोच हरेंद्र सिंह को पुरूष टीम की और पुरूष टीम के कोच शोर्ड मारिन को फिर महिला हॉकी टीम की जिम्मेदारी सौंप दी। पिछले साल नवंबर में पुरूष टीम के कोच बनाये गए नीदरलैंड के मारिन अभी भारत में नहीं हैं। गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय पुरूष टीम के पांचवें स्थान पर रहने के बाद उन्हें फिर से महिला टीम का कोच बनाया गया है। हॉकी इंडिया के महासचिव मोहम्मद मुश्ताक अहमद ने एक बयान में कहा, ‘‘हरेंद्र सिंह के पास अपार अनुभव है और वह पहले भी हॉकी इंडिया लीग और जूनियर टीमों के साथ पुरूष खिलाड़ियों को कोचिंग दे चुके हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘महिला टीम के साथ मारिन का पहला कार्यकाल बहुत अच्छा रहा था और हमें उम्मीद है कि यह सिलसिला आगे भी कायम रहेगा।’’ हॉकी इंडिया ने यह फैसला राष्ट्रमंडल खेलों में पुरूष टीम के प्रदर्शन के मद्देनजर लिया है जिसमें 12 साल में पहली बार भारतीय हॉकी टीम पदक नहीं जीत सकी । भारतीय पुरूष हॉकी टीम का कोच बनाये जाने से पहले मारिन को पुरूष टीम की कोचिंग का कोई अनुभव नहीं था। हरेंद्र 2009 से 2011 के बीच भारतीय पुरूष टीम के कोच रह चुके हैं ।
वह पिछले साल नवंबर से भारतीय महिला टीम के कोच है जब मारिन को रोलेंट ओल्टमेंस की बर्खास्तगी के बाद पुरूष टीम का कोच बनाया गया था। हरेंद्र के मार्गदर्शन में भारतीय जूनियर टीम ने 2016 में विश्व कप जीता और भारतीय महिला टीम गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेल में चौथे स्थान पर रही। भारतीय टीम ने ओलंपिक चैम्पियन इंग्लैंड को भी हराया था।
अधिक जानकारियों के लिए यहाँ क्लिक करें।