इंडियन प्रीमियर लीग का 11वां सीजन धीरे-धीरे अपने रोमांच के चरम पर पहुंच रहा है। क्रिकेट फैंस खेल को लेकर अपनी उत्सुकता दिखा रहे हैं। मंगलवार को मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलौर के बीच कुछ ऐसा हुआ जिसने सात साल पुरानी याद ताजा कर दी।
साल 2011 में चेन्नई सुपरकिंग्स और किंग्स इलेवन पंजाब के मुकाबले में जो प्रवीण कुमार ने किया था वही उमेश यादव ने बेंगलौर के लिए कर दिखाया।
मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलौर के इस मुकाबले में पहली ही दो गेंदों पर रिकॉर्ड बन गया। बैंगलोर के गेंदबाज उमेश यादव ने मैच की पहली दो गेंदों पर दो बल्लेबाजों को आउट किया। आईपीएल के इतिहास में ऐसा सिर्फ दो बार हुआ है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी कर रही मुंबई की बहुत बुरी शुरुआत हुई है। मैच की पहली दो गेंदों पर सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन बिना खाता खोले आउट हुए। उमेश यादव ने दोनों विकेट लिए। स्टेडियम में मौजूद सचिन तेंदुलकर सहित मुंबई इंडियंस के फैंस को इस तरह के शुरुआत का अंदेशा नहीं था। पूरे स्टेडियम में सन्नाटा छा गया।
हैट्रिक से चूके उमेश यादव
पहली गेंद: उमेश यादव ने पहली ही गेंद पर सूर्यकुमार यादव को बोल्ड कर दिया।
दूसरी गेंद: बल्लेबाजी के लिए आए ईशान किशन भी बोल्ड। लगातार दो गेंदों पर दो बोल्ड।
आईपीएल में सात बाद ऐसा हुआ है, जब किसी मैच की पहली दो गेंद पर दो विकेट गिरे हो। इसके पहले 2011 में किंग्स इलेवन पंजाब के लिए खेलते हुए प्रवीण कुमार ने आईपीएल 4 यानी साल 2011 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ पहली दो गेंदों पर दो विकेट लिए थे। प्रवीण कुमार ने श्रीकांत अनिरुद्ध और सुरेश रैना को आउट किया था।
देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।