वैसे तो अक्सर हमने वीडियो, फोटो, और वार्ता के सबूतों पर अदालत को फैसला सुनते देखा है पर कभी किसी तोते की गवाही पर फैसला करते नहीं सुना। जी हां एक तोते की गवाही ने एक पत्नी को अपने पति का मर्डर करने के केस में सजा दिलाई है। दरअसल, मामला अमेरिका के मिशिगन शहर का है।
जहां दो साल पहले मार्टिन नाम के एक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात को मार्टिन के घर में ही अंजाम दिया गया था। उस वक्त मार्टिन की पत्नी ग्लेन्ना घर में मौजूद थी। उसने खुद भी आत्महत्या की कोशिश की थी। इसके बावजूद जांच अधिकारियों को मृतक की पत्नी पर ही शक था। ये पूरी घटना इस दंपति का पालतू तोता देख रहा था।
उसने बार-बार मार्टिन की आवाज निकालकर महिला को ऐसा करने से रोका था। आजकल मार्टिन की पूर्व पत्नी इस तोते की देखभाल कर रही है। मार्टिन की पूर्व पत्नी का कहना है कि उस रात दंपति के बिच हुई बातचीत को तोता दोहरा रहा था। मार्टिन के माता-पिता ने बताया कि तोता बार-बार कह रहा था ‘गोली मत चलाना’।
संभव है कि ये दोनों के बीच आखिरी बातचीत रही हो। तोते की उसी बात को परिजनों ने वीडियो में रिकार्ड कर लिया और अदालत में जब गवाही की बात आई तो वो वीडियो अदालत के सामने दिखाई गई। तोते की वीडियो देखने के बाद अदालत ने ग्लेन्ना को ही हत्या का दोषी मान लिया है और अब उसे एक माह बाद सजा सुनाई जाएगी।