पारामरिबो : सुरीनाम के समुद्री तट पर समुद्री डाकुओं ने मछुआरों के नौका पर हमला कर दिया, जिसके बाद से 16 मछुआरे लापता हैं। अधिकारियों को सभी के मारे जाने की आशंका है। दक्षिण अमेरिका देश के अधिकारियों ने आज बताया कि डाकुओं के हमले ने मछुआरों को समुद्र में कूदने के लिए विवश कर दिया। सुरीनाम तट रक्षक बल के कमांडर जेरी सलिजंगार्ड ने बताया कि 20 मछुआरों का यह समूह चार नौकाओं में सवार था। उन पर सुरीनाम के अटलांटिक तट पर हमला किया गया। चार लोग तैर कर समुद्र तट तक आने में सफल रहे। इनमें से तीन का अभी भी इलाज चल रहा है। उन्होंने पुलिस और तट रक्षक बल को बताया कि उनके उच्चारण के कारण संदेह है कि हमलावर पड़ोसी गुयाना से आये थे। उन्होंने मछुआरे की पिटाई की और उन्हें समुद्र में कूदने के लिए विवश किया। उन्होंने बताया कि कुछ पीड़ितों के पांवों में बैटरी बांध कर समुद्र में फेंक दिया गया ताकि वह डूब जाएं। शुक्रवार देर रात हुये हमले के बाद से फिशरीज क्लेक्टिव एसोसिएशन के सदस्यों के साथ तट रक्षक बल और पुलिस लापता लोगों और समुद्री डाकुओं की तलाश में लगे हुये हैं।
देश की हर छोटी-बड़ी खबर जानने के लिए पढ़े पंजाब केसरी अखबार।