वाशिंगटन : महात्मा गांधी के हस्ताक्षर वाली एक दुर्लभ तस्वीर अमेरिका में 41,806 डॉलर में नीलाम हुई। तस्वीर में महात्मा गांधी मदन मोहन मालवीय के साथ दिख रहे हैं। बोस्टन स्थित आर आर ऑक्शन के मुताबिक यह तस्वीर लंदन में सितंबर, 1931 में दूसरे गोल मेज सम्मेलन के बाद ली गयी थी।
इस दुर्लभ तस्वीर पर फाउंटेन पेन से महात्मा गांधी ने ”एम के गांधी” लिखकर अपना हस्ताक्षर किया है। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार महात्मा गांधी ब्रिटेन की ओर से आयोजित दूसरे गोल मेज सम्मेलन में हिस्सा ले रहे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थे। वर्ष 1930 से 1932 तक तीन गोल मेज सम्मेलनों का आयोजन हुआ था, जिनका लक्ष्य उस वक्त भारत में हो रहे संवैधानिक सुधारों पर चर्चा करना था।
मालवीय औपचारिक रूप से कांग्रेस के अध्यक्ष रहे और गांधी के नेतृत्व में हुए असहयोग आंदोलन में उनकी अहम भूमिका थी। आर आर ऑक्शन के अनुसार यह तस्वीर उस वक्त की है जब गांधी अपने दायें हाथ के अंगूठे में पीड़ा से गुजर रहे थे। आर आर ऑक्शन के उपाध्यक्ष बॉबी लिविंगस्टन ने कहा, ”गांधी की स्वहस्ताक्षरित तस्वीर में वह अपने जीवन का कार्य करते प्रतीत हो रहे हैं।”
उन्होंने बताया कि इस दौरान कार्लमार्क्स का एक पत्र 53,509 डॉलर में बिका। वर्ष 1903 में लिखा लियो टॉल्स्टॉय का एक पत्र 21,450 डॉलर में नीलाम हुआ। जबकि प्रख्यात अमेरिकी भौतिकशास्त्री वोल्फगैंग पौली का वर्ष 1949 में लिखा एक पत्र 14,700 डॉलर में बिका। 17 फरवरी से शुरू हुई ‘फाइन ऑटोग्राफ्स एंड आर्टिफैक्ट्स’ नीलामी सात मार्च को सम्पन्न हुई।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें।