जोहानिसबर्ग : दक्षिण अफ्रीका में रहने वाले प्रमुख भारतीयों ने दक्षिण अफ्रीका में रंगभेद विरोध के प्रतीक नेल्सन मंडेला की पत्नी और देश के नीति निर्धारकों और प्रमुख शख्सियतों में से एक विनी मंडेला को श्रद्धांजलि अर्पित की है। रंगभेद शासन के दौरान 27 साल तक अपने पति के जेल में रहने के दौरान विनी मंडेला रंगभेद विरोध संघर्ष का चेहरा बन गयी थी। उनका कल जोहानिसबर्ग के मिलपार्क अस्पताल में निधन हो गया। वह 81 साल की थीं। दक्षिण अफ्रीका में रहने वाले प्रमुख भारतीयों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
अहमद कैथरादा फाउंडेशन के कार्यकारी निदेशक शान बाल्टन ने कहा, ‘‘अहमद कैथरादा की पहली पुण्यतिथि से कुछ दिन बाद और लालू चिबा और एडी डेनियल के निधन के कुछ महीनों के बाद उनके दिवंगत होने की खबर आयी है। उनके निधन से हमने ना केवल एक मुक्ति कार्यकर्ता को खो दिया है बल्कि इतिहास का ऐसा स्रोत खो दिया है जिसकी कभी भरपायी नहीं की जा सकती है।’’
फाउंडेशन के अध्यक्ष डेरेक हनेकोम ने भी विनी मंडेला के निधन पर शोक व्यक्त किया है। एक समय फाउंडेशन का अध्यक्ष रहने वाल नादास पिल्ले ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जाने माने फिल्मकार अनंत सिंह मंडेला परिवार के करीबी मित्र थे और उन्होंने मंडेला की पुस्तक ‘लांग वॉक टू फ्रीडम’ पर बनी फिल्म का निर्माण किया था। सिंह ने भी विनी मंडेला के निधन पर शोक व्यक्त किया है। विनी मंडेला ने नेल्सन मंडेला के साथ 38 साल तक शादीशुदा जीवन व्यतीत किया और रंगभेद शासन के खिलाफ संघर्ष में वह बेहतरीन भूमिका अदा की थी। हालांकि इतिहास में उन पर विवाद का साया और हिंसा का सहारा लेने का आरोप लगा था।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यह क्लिक करे