वाशिंगटन : राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति माइक पेंस ने आधुनिक अमेरिका के इतिहास की सबसे भीषण गोलीबारी में मारे गए लोगों को आज श्रद्धांजलि दी और उनके परिजन के प्रति संवेदना व्यक्त की। इस गोलीबारी में कम से कम 50 लोगों की मौत हो गई और 400 से ज्यादा लोग घायल हो गए।
ट्रंप ने ट्वीट के जरिए लास वेगास की भयावह गोलीबारी के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी और उनके परिवारों के साथ सहानुभूति जतायी। उनकी प्रवक्ता सारा सैंडर्स ने कहा कि व्हाइट हाउस स्थिति की करीबी निगरानी कर रहा है और स्थिति से निपटने के लिए राज्य तथा स्थानीय अधिकारियों को पूरा समर्थन देने की पेशकश की है। पेंस ने भी ट्वीट कर पीड़ितों को द्धांजलि दी और उनके परिवारों के सदस्यों के साथ सहानुभूति जतायी। उल्लेखनीय है कि अमेरिका के लास वेगास में एक संगीत समारोह के दौरान एक व्यक्ति द्वारा की गई गोलीबारी में कम से कम 50 लोगों की मौत हो गई और सैंकडों लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार बंदूकधारी की पहचान 64 वर्षीय स्टीफन पैडॉक के तौर पर हुई है। वह स्थानीय निवासी था। वह होटल के अपने कमरे में मारा गया। इस घटना की जांच में एफबीआई भी शामिल हो गयी है। इस बीच गोलीबारी के समय कार्यक्रम पेश कर रहे लोकप्रिय गायक जैसन अल्डीन ने इस घटना को बेहद भयावह बताया। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम एकाउंट पर लिखा कि यह काफी भयानक घटना थी और वह नहीं जानते कि इसके बारे में क्या कहा जाए। उन्होंने कहा कि उनके बैंड के सभी लोग सुरक्षित हैं। 40 वर्षीय अल्डीन ने भी पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी और कहा कि यह काफी दुखद है कि लोग आनंद के लिए वहां आए थे लेकिन वहां ऐसी घटना हुयी।