बिहार विधानसभा चुनाव के नजदीक आने के साथ ही अब राजनीति भी तेज होती जा रही है। बिहार के उद्योग मंत्री श्याम रजक को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सिफारिश पर आज राज्यपाल ने मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया। मुख्यमंत्री ने रजक को मंत्रिमंडल से हटाने की सिफारिश राज्यपाल फागू चौहान से की थी, जिसे राज्यपाल ने मंजूर कर लिया।
इससे पहले पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहने के आरोप में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने रजक को दल से निष्कासित कर दिया था। रजक पार्टी में अपनी उपेक्षा के कारण पिछले कुछ दिनों से नाराज थे।
रजक संभवत: कल विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) में शामिल होंगे। रजक वर्ष 2009 में राजद छोड़ कर जदयू में शामिल हुए थे। इससे पहले वह राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के बेहद करीबी माने जाते थे। वर्ष 2010 के चुनाव में वह जदयू के टिकट पर विधायक बने और नीतीश मंत्रिमंडल में जगह पाई।
वर्ष 2015 में जब राजद के साथ जदयू ने सरकार बनाई तब रजक को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिली लेकिन राजद से संबंध टूटने के बाद जब फिर से भाजपा के साथ जदयू की सरकार बनी तब एक बार फिर रजक को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया।