बिहार विधानसभा चुनावों के नतीजे सामने आने के बाद से ही कई पार्टियां नतीजों से नाखुश हैं तो कई खुश भी हैं। इस बीच समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव बिहार चुनाव पर अपनी बातें रखते हुए महागठबंधन के समर्थन में कहा कि बिहार की जनता के साथ भाजपा ने धोखा किया है।
अखिलेश ने कहा कि महागठबंधन को जनता ने समर्थन दिया। पूरा समर्थन जनता का उनके साथ था। वह सीटें भी लगभग जीत गए थे। इतना बड़ा धोखा लोकतंत्र में किसी के साथ नहीं हुआ होगा जितना बड़ा धोखा बीजेपी ने बिहार के लोगों के साथ किया है और महागठबंधन को बेईमानी से हराया है।
इससे पहले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बिहार चुनाव में बीजेपी पर बेईमानी का आरोप लगाते हुए कहा था कि लोकतंत्र में भरोसा करने वाले इन नतीजों से दुखी हैं। बिहार में एनडीए को केवल 13 से 14 हजार वोट ज्यादा मिले हैं लेकिन उन्होंने पता नहीं क्या तिकड़म लगाया और पूरा रिजल्ट पलट दिया।
अखिलेश ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यूपी विधानसभा उपचुनाव पर भाजपा ने चुनाव जीतने के लिए बड़े से निचले स्तर के अधिकारियों का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि कोविड-19 की वैक्सीन तो जल्द आएगी ही, भाजपा के खिलाफ भी वैक्सीन आने वाली है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि ऐसा चुनाव मैंने कभी नहीं देखा। तेजस्वी जीतते- जीतते रह गए।
बता दें कि भारतीय निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, एनडीए के सभी साथी- बीजेपी, जेडी (यू), विकासशील इंसान पार्टी, और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) ने 243 विधानसभा क्षेत्रों में से 125 सीटें जीतीं। जबकि भाजपा ने 74 विधानसभा सीटें जीतीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जेडी (यू) ने 43 सीटें जीतीं, विकासशील इंसान पार्टी ने 4 निर्वाचन क्षेत्रों में जीत दर्ज की है।