समस्तीपुर रैली में विपक्ष पर जमकर बरसे PM मोदी, कहा- चुनाव आते ही जपने लगते हैं गरीब, गरीब…का माला

Summary :

पीएम मोदी ने कहा कि “इन लोगों को गरीब की परेशानी, उसकी मुसीबतों से कोई लेना देता नहीं है। इन्हें गरीब सिर्फ और सिर्फ चुनाव में याद आते हैं।”

बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज चार रैलियों को संबोधित करेंगे। उन्होंने अपनी दूसरी रैली की शुरुआत समस्तीपुर से की। अपने सम्बोधन में पीएम मोदी ने कहा कि पहले चरण के मतदान के बाद साफ नजर आ रहा है कि नीतीश बाबू के नेतृत्व में NDA की सरकार दोबारा बन रही है। प्रथम चरण में आपने NDA को जो भारी समर्थन के संकेत दिए हैं और जिन्होंने मतदान किया है, उनका मैं अभिनंदन करता हूं।
पीएम मोदी ने कहा कि कोरोना की बंदिशों के बीच भी इतनी भारी संख्या में आना, ये आपका जोश और उत्साह साफ-साफ बता रहा है कि नतीजे क्या होने वाले हैं। यहां हर कोने में विजय का विश्वास है, उमंग है, उत्साह है और बिहार के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प मैं देख रहा हूं।
उन्होंने कहा कि “आज अगर हर आकलन, हर सर्वे, NDA की जीत का दावा कर रहा है तो उसके पीछे ठोस कारण हैं। आज एनडीए की फिर से सरकार वो बहनें बना रही हैं, जिनको हमारी सरकार ने, नितीश बाबू की सरकार ने सुशासन से, सुविधाओं से जोड़ा है, अवसरों से जोड़ा है।”
पीएम मोदी ने कहा कि “वो जीविका दीदियां, जो आज आत्मनिर्भर परिवार और आत्मनिर्भर बिहार की प्रेरणा बन रही हैं, वो NDA को ताकत दे रही हैं। घर-घर, स्कूल-स्कूल बने शौचालयों ने जिन बहनों-बेटियों को गरिमा दी, अंधेरे के इंतज़ार से मुक्ति दी, वो NDA की सरकार बना रही हैं।”
उन्होंने कहा कि  जिन बहनों को पीने के पानी के संघर्ष से मुक्ति मिली वो NDA के पक्ष में वोट डाल रही हैं। जीवन भर धुएं में उलझती उन बहनों का वोट NDA के लिए है, जिनके घर में उज्जवला का सिलेंडर पहुंचा है। बिहार के बेटे-बेटियां, जिन्हें आज मुद्रा लोन मिल रहा है, बैंकों ने जिनके लिए दरवाजे खोल दिए हैं, जिन्हें IIT-IIM-एम्स मिल रहा है, वो आज अपने उज्जवल भविष्य के लिए NDA पर भरोसा कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा, ”जिसको आज अपना पक्का घर मिल रहा है आयुष्मान भारत योजना से मुफ्त इलाज मिल रहा है कोरोना काल में दीवाली-छठ पूजा तक जिनको मुफ्त राशन मिल रहा है जो जरूरी सुविधाओं के लिए भटकने पर मजबूर थे आज जिनके पास सरकार खुद पहुंच रही है, बिहार का ऐसा हर परिवार आज NDA की जीत का आधार बना है।”
पीएम मोदी ने कहा कि बिहार ने पूरे विश्व को लोकतंत्र का पाठ पढ़ाया है। बिहार की धरती से ही दुनिया में लोकतंत्र की कोपल निकली थी। जब जनता के हित में फैसले होते हैं, जब फैसलों में जनता की सहभागिता होती है, तभी लोकतंत्र भी मजबूत होता है। 
एक तरफ लोकतंत्र समर्पित एनडीए का गठबंधन तो दूसरी तरफ निहित स्वार्थ को समर्पित पारिवारिक गठबंधन
पीएम मोदी ने कहा कि आज देश में एक तरफ लोकतंत्र के लिए पूर्ण रूप से समर्पित, एनडीए का गठबंधन है। वहीं दूसरी तरफ अपने निहित स्वार्थ को समर्पित पारिवारिक गठबंधन हैं। यहां जंगलराज के युवराज को तो आप देख ही रहे हैं। कांग्रेस पार्टी का दायरा भी अब सिर्फ अपने परिवार तक ही सीमित होकर रह गया है।
पारिवारिक पार्टियां अपने-अपने परिवार के लिए कर रही काम, आपको क्या दिया?
उन्होंने कहा कि सिर्फ और सिर्फ अपने-अपने परिवार के लिए काम कर रही इन पारिवारिक पार्टियों ने आपको क्या दिया? बड़े-बड़े बंगले बने, तो किसके बने? महल बने, तो किसके बने? बड़ी-बड़ी करोड़ों की गाड़ियां आईं, गाड़ियों को काफिला बना, तो किसका बना?
NDA का मंत्र है सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास
NDA का मंत्र है सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास। एनडीए सरकार का निरंतर ये प्रयास रहा है कि कोई व्यक्ति, कोई भी क्षेत्र विकास के लाभ से छूट ना जाए। सुविधा, सम्मान और सुअवसर में किसी के साथ भी कोई भेद नहीं होना चाहिए। यही तो सुशासन का भी लक्ष्य है।
जो निर्णय अपने स्वार्थ के लिए लेते हों, वो सुशासन के हर प्रयास का विरोध ही करेंगे
उन्होंने कहा कि ”जिनकी नीयत खराब हो, जिनकी नीति सिर्फ गरीबों का धन लूटने की हो, जो निर्णय सिर्फ अपने स्वार्थ को ध्यान में रखते हुए लेते हों, वो ऐसे हर प्रयास का विरोध ही करेंगे। आज देश में कृषि क्षेत्र हो या देश की सुरक्षा से जुड़े काम, ये हर बात का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि याद रखिए, जब कोरोना का संकट सबसे ज्यादा था, जब पूरा बिहार कोरोना से लड़ रहा था, तब ये लोग कहां थे? इन्हें आपके विकास से नहीं, सिर्फ अपने विकास से लेना-देना है। यही इनकी सच्चाई है, यही इनका तौर-तरीका है, यही इनकी ट्रेनिंग है।”
चुनाव पूरा हुआ तब ये बस अपने परिवार का कुनबा लेकर बैठ जाते 
पीएम मोदी ने कहा कि इन लोगों को गरीब की परेशानी, उसकी मुसीबतों से कोई लेना देता नहीं है। इन्हें गरीब सिर्फ और सिर्फ चुनाव में याद आते हैं। जब चुनाव आते हैं तो ये माला जपना शुरू कर देते हैं- गरीब, गरीब, गरीब… जब चुनाव पूरा हुआ तब ये बस अपने परिवार का कुनबा लेकर बैठ जाते हैं।

छपरा में पीएम मोदी का तंज- एक ओर ‘डबल इंजन की सरकार’, तो दूसरी ओर ‘डबल-डबल युवराज’

 

Desk Team