बिहार विधानसभा में हुए हंगामे पर बोले राहुल-‘RSS-BJP मय’ हुए नीतीश

Summary :

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पुलिस को विशेष शक्ति देने के प्रावधान वाले एक विधेयक को लेकर बिहार विधानसभा में हुए हंगामे पर नीतीश सरकार पर हमला किया।

बिहार विधानसभा में बीते दिनों हुई कार्रवाई के दौरान हुए कुछ वाक्यों की हर कोई निंदा कर रहा है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पुलिस को विशेष शक्ति देने के प्रावधान वाले एक विधेयक को लेकर बिहार विधानसभा में हुए हंगामे पर बुधवार को ट्वीट करते हुए नीतीश सरकार पर हमला किया।
राहुल ने ट्वीट करते हुए लिखा, “बिहार विधानसभा की शर्मनाक घटना से साफ़ है कि मुख्यमंत्री पूरी तरह आरएसएस-भाजपा मय हो चुके हैं।” कांग्रेस नेता ने यह भी कहा, “लोकतंत्र का चीरहरण करने वालों को सरकार कहलाने का कोई अधिकार नहीं है।विपक्ष फिर भी जनहित में आवाज़ उठाता रहेगा- हम नहीं डरते!”
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी इस मुद्दे पर ट्वीट करते हुए लिखा, बिहार विधानसभा में सशस्त्र बलों द्वारा विधायकों पर हमला आपराधिक कृत्य है। सड़क पर बेरोज़गार युवाओं पर भी जो हमले हुए वो दिखाते हैं कि सत्ता मिलने के बाद भाजपाई सरकारें जनता को क्या समझती हैं। निंदनीय! बिहार में लोकतंत्र पर क़ातिलाना हमला हुआ है।


दरअसल, बिहार विधानसभा में विपक्षी दल के सदस्यों ने बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस विधेयक के विरोध में जमकर हंगामा किया।  आरजेडी समेत कई विपक्षी दल इस विधेयक का विरोध कर रहे हैं। मंगलवार को विधानसभा में उस समय अजीबोगरीब स्थिति उत्पन्न हो गई, जब विपक्षी सदस्यों ने अध्यक्ष को उनके कक्ष में ही रोके रखा। बाद में सुरक्षाकर्मियों द्वारा इन विधायकों को हटाया गया। 

विपक्ष के सदस्यों ने आरोप लगाया, “विधायकों को मारा गया। विधायकों पर सुरक्षाकर्मियों द्वारा पैर चलाए गए।” आरजेडी ने नीतीश कुमार को हिटलर बताते हुए ट्वीट किया, “हिटलर नीतीश चाहते हैं कि पुलिस बिना वारंट किसी को भी गिरफ्तार करे, घर में घुसे और अदालत भी इसमें दखल नहीं दे पाए।  

Desk Team