पटना , (संवाददाता ) : कर्नाटक चुनाव परिणामों पर टिपण्णी करते हुए जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री राजीव रंजन ने आज कहा है कि दक्षिण भारत का एकलौता किला ढ़हने पर जहां अन्य राज्यों के भाजपाइयों में मातम पसरा हुआ था, वहीं बिहार भाजपा के शीर्ष नेता ख़ुशी से फूले नहीं समा रहे हैं। शायद यही वजह थी कि एक तरफ टीवी पर वोटों की गिनती चल रही थी और दूसरी तरफ यह लोग आज पटना में सिनेमा देख कर हार का जश्न मना रहे थे। यह भाजपा की अंदरूनी खींचतान का सबसे बड़ा उदहारण है। चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि बिहार भाजपा के नेताओं का यह आचरण दिखाता है कि प्रधानमंत्री मोदी के गिरते ग्राफ़ से यह लोग कितने खुश हैं। आपसी लड़ाई में यह लोग इतने उलझे हुए हैं कि इन्हें जनता और विपक्षी दलों की तरफ देखने की फुर्सत तक नहीं है। 2024 में भाजपा के हारने पर यह लोग निश्चित ही दरी-चटाई ले जाकर चिड़ियाघर में पिकनिक मनाएंगे। कर्नाटक चुनाव में मिली जीत के लिए कांग्रेस को बधाई देते हुए जदयू प्रवक्ता ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के बाद कर्नाटक में भाजपा का किला नेस्तनाबूंद होना इस बात का प्रमाण है कि भाजपा के दिन अब लद चुके हैं। यह जीत जनता और सेक्युलर विचारधारा की जीत है। इसने साबित कर दिया है कि जनता को खोखले वादों का सपना दिखा कर अब ठगा नहीं जा सकता।