बिहार के नालंदा जिले में एलआईसी अधिकारी प्रवीण कृष्ण की रविवार को पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस मामले में एक सीसीटीवी फुटेज अहम सुराग के तौर पर सामने आया है। इसमें साफ दिख रहा है कि किस तरीके से बदमाशों ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर एलआईसी अधिकारी की हत्या कर दी थी।
हत्या का आरोप लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के नेता छोटे लाल यादव पर लगा है। दिल्ली में एलआईसी में कार्यरत प्रवीण कृष्ण अपने दोस्त की 25वीं सालगिरह में शामिल होने के लिए बिहार शरीफ आए हुए थे। बिहार शरीफ में प्रवीण और उनके दो भाईयों की एक जमीन है जिसपर परिवार के लोग रविवार को निर्माण कार्य शुरू कर रहे थे। आरोप है कि लोजपा नेता छोटे लाल इसपर कब्जा करने की फिराक में था। जैसे ही उसे निर्माण कार्य के बारे में पता चला वह मौके पर पहुंच गया। उसने तीनों भाईयों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
इस दौरान छोटे लाल यादव और उसके गुर्गों ने प्रवीण कृष्ण की लाठी-डंडों से जमकर पिटाई की। जिसमें प्रवीण की मौत हो गई। इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने छोटे लाल सहित सात लोगों को नामजद आरोपी बनाया है। सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो चुकी है। हालांकि किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।


Download Android App
Download iOS App



