बिहार में निर्दलीय विधायक अनंत सिंह के घर छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक एके-47 बरामद की है। पटना ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में शुक्रवार सुबह पुलिस ने मोकामा विधायक अनंत सिंह के पैतृक गांव लदमा में छापेमारी शुरू की जो अभी तक जारी है। पुलिस ने विधायक के घर से दो बम भी बरामद किए हैं।
बिहार के बाहुबली कहे जाने वाले विधायक अनंत सिंह पुलिस के रडार पर तब आए जब उनका एक वॉइस क्लिप वायरल होते हुए पुलिस के हाथ लगा। जिसमे विधायक अपने सहयोगी के साथ मिलकर विरोधी की हत्या की साजिश रचते सुने गए। इसके बाद पुलिस ने मामले पर पुख्ता जानकारी मिलते ही आज सुबह 3 बजे विधायक के गांव में छापेमारी शुरू की। जहां से पुलिस ने एके-47 बरामद की है।
पुलिस की कार्यवाही से घबराये विधायक ने आनन फानन में पटना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। जिसमे उन्होंने इस पूरे मामले को षड्यंत्र बताते हुए मुंगेर से जदयू सांसद ललन सिंह पर उन्हें फंसाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 2019 लोकसभा चुनाव में उनकी पत्नी नीलम सिंह मुंगेर से ललन सिंह के खिलाफ कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ी थी। यही वजह है कि ललन सिंह उन्हें परेशान कर रहे हैं।
अनंत सिंह ने मदद की गुहार लगाते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उन्हें न्याय दिलाने की अपील की है। बता दें कि अनत सिंह के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास के कई मामले दर्ज हैं। 2015 में अनंत सिंह हत्या के मामले में जेल भी जा चुके हैं। उन्होंने जेल से ही मोकामा से निर्दलीय चुनाव लड़ा और वह विधायक चुने गए।