बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (जदयू) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं रोहतास जिले में चेनारी के पूर्व विधायक श्याम बिहारी राम ने सोमवार को राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) का दामन थाम लिया। इस दौरान उनके सैकड़ो समर्थक मौजूद रहे।
श्याम बिहारी राम एवं उनके समर्थकों ने रालोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार की कार्यशैली से कार्यकर्ता नाराज है, जिससे जदयू में भगदड़ मची हुई है।
उन्होंने कहा कि लोग घर छोड़कर वहीं जाते है जहां सम्मान मिलता है। पूर्व विधायक श्याम बिहारी राम पहचान के मोहताज नहीं हैं। उनके रालोसपा में आने से चेनारी विधानसभा ही नहीं शाहाबाद प्रक्षेत्र के सभी जिले में पार्टी की स्थिति और मजबूत होगी। श्याम बिहारी राम को रालोसपा में उचित सम्मान और स्थान दिया जाएगा।
वहीं, रालोसपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद श्याम बिहारी राम ने कहा कि नीतीश सरकार विकास के नाम पर केवल आंकड़ा का खेल खेल रही हैं। अपने जिले में पत्थर उद्योग बंद पड़े हैं, जिससे हजारों की संख्या में मजदूर बेरोजगार हो गए हैं। कोरोना वायरस के संक्रमण काल में बिहार के प्रवासी मजदूर त्राहिमाम कर रहे हैं।
राज्य सरकार द्वारा प्रवासियों को कोई सुविधा मुहैया नहीं कराये जाने के कारण वे कई दिनों तक भूखा रहकर अपने घर पहुंचे। इससे कितने मजदूर की घर पहुंचने से पहले ही मौत हो गई।