बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को चुनौती देते हुए कहा कि अयोध्या में राम मंदिर बनाने से भाजपा को किसने रोका है। उन्होंने कहा कि भाजपा में हिम्मत है तो राम मंदिर बनाए।
बिहार विधान परिषद में विपक्ष की नेता राबड़ी देवी ने विधानमंडल के बाहर कहा, ‘जब-जब चुनाव आता है तब-तब भाजपा को राम की याद आने लगती है। सच तो यह है कि भाजपा मंदिर बनाना नहीं चाहती, वह इस मामले पर सिर्फ राजनीति कर रही है।’
अब राम मंदिर न बनाने का कोई बहाना नहीं चलेगा : उमा भारती
उन्होंने आगे कहा कि मंदिर बनाने से कौन रोकने वाला है? इस मामले में कोई नहीं रोकेगा, देश भर के लोग साथ खड़े हैं। राबड़ी देवी ने हालांकि यह भी कहा कि अयोध्या में राम मंदिर बनना चाहिए, लेकिन सबकी सहमति से यह बनना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘यह मामला सर्वोच्च न्यायालय में चल रहा है और अभी तक इस पर कोई फैसला नहीं आया है। अगर भाजपा मंदिर बनाना चाहती है, तो बना ले।’ उल्लेखनीय है कि विश्व हिंदू परिषद ने रविवार को अयोध्या में ‘धर्मसभा’ का आयोजन किया था, जिसमें जल्द अयोध्या में राम मंदिर बनाने की बात कही थी।