बिहार विधान पार्षद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्य सूरज नंदन कुशवाहा का आज तड़के निधन हो गया। वह 61 वर्ष के थे। कुशवाहा कल ही श्रीलंका के दौरे से लौटे थे। इसके बाद एक समारोह में शामिल होकर देर रात राजधानी पटना के बाजार समिति स्थित आवास पर पहुंचे। इसके बाद दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। उनके परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री है।
सूरज नंदन कुशवाहा का अंतिम संस्कार आज ही पटना के गुलबी घाट स्थित गंगा तट पर किया जाएगा। मुखग्नि उनके पुत्र देंगे। उनके असामयिक निधन का समाचार सुनते ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, विधान परिषद के कार्यकारी सभापति हारुण रशीद के साथ ही नीतीश मंत्रिमंडल के कई मंत्री कुशवाहा के बाजार समिति स्थित आवास पर पहुंचे। वही, बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी वहां पहुंच चुके हैं।
CM नीतीश ने जताया शोक
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सूरज नंदन कुशवाहा के असामयिक निधन पर गहरी शोक-संवेदना प्रकट करते हुए उनके प्रति श्रद्धांजलि प्रकट की है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक-संदेश में कहा है कि शिक्षा एवं राजनीति के क्षेत्र में उनका अहम योगदान था, जिसे भुलाया नहीं जा सकता है। उन्होंने कहा कि सूरज नंदन कुशवाहा के निधन के समाचार से उन्हें गहरा दुख हुआ है तथा व्यक्तिगत क्षति हुई है।
उनके निधन से शिक्षा जगत एवं राजनीति के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ होगा। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों एवं प्रशंसकों को दुख की इस घडी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।